गौरवशाली भारत रैली में बोले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह: हम जो कहेंगे, वो करेंगे, फिर चाहे जो कीमत चुकानी पड़े

आज भारत को कोई देश आंख दिखाने की हिमाकत नहीं कर सकता, घर में घुसकर जवाब देते हैं: राजनाथ सिंह

CHANDIGARH, 29 JUNE: जगाधरी अनाज मंडी में आयोजित गौरवशाली भारत लोकसभा अम्बाला रैली में बतौर मुख्य अतिथि भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शामिल हुए। इस दौरान सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हमारी सरकार की कथनी और करनी में अंतर नहीं है। हम जो कहेंगे, वही करेंगे फिर चाहे जो मर्जी कीमत चुकानी पड़े। उन्होंने कहा कि हम रक्षा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की ओर बढ़ रहे हैं। हम भारत ही नहीं दुनिया भर के लिए टैंक, तोप, गोले व अन्य रक्षा सामग्री तैयार कर रहे हैं। 2014 से पहले 900 करोड़ रुपये का एक्सपोर्ट होता था, हमने थोड़े समय में 16 हजार करोड़ का एक्सपोर्ट करने में कामयाबी हासिल की है, जिसमें बंदूक, गोली व अन्य सामग्री शामिल है। आने वाले समय में इसे 35 से 40 हजार करोड़ करने का लक्ष्य है।

उन्होंने सर्वप्रथम यमुनानगर की भूमि को नमन करते हुए कहा कि इस इलाके को यमुना जी का आशीर्वाद प्राप्त है। हरियाणा आने पर उन्हें बेहद खुशी मिलती है, इसकी बड़ी वजह ये है कि वह खुद एक किसान परिवार से हैं। दूसरी बड़ी वजह यह भी है कि देश की सेना में सबसे ज्यादा जवान हरियाणा से आते हैं। इसलिए यह बातें उन्हें स्वभाविक ही खुशी देती हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा की धरती करिश्माई है जो मस्तक ऊंचा करती है। देश को पहला ओलंपिक मेडल दिलवाने वाली खिलाड़ी कर्णम मल्लेश्वरी का भी यहां से ताल्लुक है। देशभर में खेलों में सर्वाधिक मेडल जीतने की वजह से हरियाणा को खेलों की राजधानी भी कहा जाता है।  

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 9 वर्ष के कार्यकाल में पैदा किया विश्वास

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि 9 वर्ष के कार्यकाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आम जनता के बीच विश्वास पैदा किया है। लोगों को उम्मीद और आशा थी, तभी पहली बार 2014 में सरकार बनाई। 5 वर्ष का कार्यकाल देखने के बाद 2019 में दोबारा मौका दिया। उन्होंने कहा कि सन 1951 में उन्होंने जनसंघ के रूप में घोषणापत्र जारी किया तो धारा-370 समाप्त करने की बात कही थी। जैसे ही उनकी पूर्ण बहुमत की सरकार बनी और एक चुटकी में धारा-370 समाप्त कर दी।  

आज दुनिया के मंच पर गंभीरता से सुनी जाती है बात

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आज दुनिया के मंच पर भारत की बात को गंभीरता से सुना जाता है। 2013 में एक वित्तीय फर्म कहती थी कि भारत आर्थिक संकट से नहीं निकल सकता लेकिन आज भारत के आर्थिक हालात 11वें स्थान से 5वें स्थान पर हो गए हैं। यही आर्थिक फर्म अब कहती है कि 2027 तक भारत विश्व की टॉप 3 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले कमजोर भारत की धारणा थी और पड़ोसी देश पाकिस्तान भी आंख दिखाता था लेकिन पिछले दिनों एक आतंकी हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महज 10 मिनट में फैसला लिया और पाकिस्तान की धरती में घुसकर आतंकवादियों का सफाया किया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत की दुनिया में हैसियत बढ़ी है।  

24 जनवरी को भव्य राम मंदिर में नवाए शीश

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि हमें अपनी विरासत पर गर्व करना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमारी विरासत को भव्य स्वरूप देने का कार्य किया है। 1984 में हमने अपने घोषणा पत्र में राम मंदिर बनाने की बात की थी। यह हमारे लिए हर्ष की बात है कि 24 जनवरी को भव्य राम मंदिर में शीश नवाएंगे। इसके अतिरिक्त महाकाल कॉरिडोर, सोमनाथ मंदिर, बद्रीनाथ मंदिर और केदारनाथ मंदिर को भव्य स्वरूप देने का कार्य किया गया है।  

आज ऊपर से चला 100 पैसा आम आदमी तक पूरा पहुंचता है

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने कहा था कि दिल्ली से 100 पैसे चलते थे तो नीचे तक 15 पैसे पहुंचते थे, 85 पैसे भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाते थे। प्रधानमंत्री मोदी का करिश्मा है जो ऊपर से 100 पैसे चलते हैं तो नीचे आम आदमी तक पूरे पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना काल के दौरान हर भारतवासी को 2 से 3 डोज वैक्सीन की लगी। इसके साथ-साथ दुनिया के 100 देशों में वैक्सीन मुहैया करवाई। इसके साथ-साथ हर घर जल, घर-घर शौचालय, कोरोना काल में 80 करोड़ लोगों को मुफ्त में 5 किलो अनाज देने, किसानों को सब्सिडी पर खाद, एमएसपी पर फसलों की खरीद जैसी स्कीम शुरू की गई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने किसी के साथ भेदभाव नहीं किया। उन्होंने भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाने का कार्य किया।

केंद्रीय मंत्री राजनाथ के नेतृत्व में बदलते हुए देखा रक्षा क्षेत्र- प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह के नेतृत्व में रक्षा का क्षेत्र बदलते देखा है। आज यह हालात हैं कि 15 अगस्त के दिन भारतीय तोपों से सलामी होती है। अमेरिका से रक्षा उपकरण नहीं बल्कि जेट इंजन बनाने की तकनीक ली है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के नेतृत्व का ही कमाल है जो चीन को भारत की सीमा में 1 इंच भी घुसने नहीं दिया। उन्होंने पूर्व की सरकारों में व्यवस्था की जिक्र करते हुए कहा कि पहले ऐसे हालात थे कि सीमा के पास सड़कों की हालत खराब थी लेकिन रक्षा मंत्री राजनाथ की अगुवाई में शानदार सड़कें बनाई गई हैं। उन्होंने हरियाणा पहुंचने पर केंद्रीय मंत्री का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि सरस्वती की धरती पर केंद्रीय मंत्री का स्वागत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हर घर शौचालय बना है, हर घर में नल से जल पहुंचा है। महिलाओं को चूल्हा जलाने में परेशानी आती थी, उनके घर उज्जवला योजना से मुफ्त सिलेंडर पहुंचा है। चिरायु व आयुष्मान कार्ड योजना से 5 लाख रुपये तक का इलाज मुफ्त करवाया जा रहा है।

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में रक्षा, किसानी, शिक्षा जैसे हर क्षेत्र में की तरक्कीः मंत्री अनिल विज

हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का हरियाणा की धरती पर पहुंचने पर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हरियाणा ने रक्षा, शिक्षा, किसानी जैसे हर क्षेत्र में तरक्की की है। प्रधानमंत्री ने सारे विश्व में भारत का नाम ऊंचा उठाया है। हालात ये हैं कि अमेरिका के राष्ट्रपति उनसे ऑटोग्राफ मांगते हैं तो ऑस्ट्रेलिया के पीएम उन्हें बॉस कहते हैं। एक प्रधानमंत्री ने तो उनके पैर तक छुए हैं। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि जबकि कुछ लोग विदेशों  में जाकर छवि खराब करने की कोशिश करते हैं। धारा-370 को दोबारा लगाने की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने आम लोगों को आयुष्मान कार्ड, किसान सम्मान निधि जैसी अनेकों योजनाओं से लाभान्वित किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा आने वाले चुनावों में पहले से ज्यादा वोट, ज्यादा सांसदों और ज्यादा मजबूती से सरकार बनाएगी।

9 वर्ष में हुए अनेकों विकास कार्य- मंत्री कंवरपाल

शिक्षा मंत्री कंवरपाल ने केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह के यमुनानगर पहुंचने पर उनका धन्यवाद किया। रैली के दौरान संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने सरकार बनाई तो उन्होंने चुनाव से पहले हिसाब देने की बात कही थी। इसी 9 वर्ष के हिसाब देने के लिए केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह आए हैं। उन्होंने कहा कि 9 वर्ष के कार्यकाल में अनेकों विकास कार्य हुए हैं। इसमें कैंसर अस्पताल हो, एनएच-34, वार मेमोरियल, मेडिकल कॉलेज, मुकंद लाल जिला नागरिक अस्पताल, आईटीआई जैसे 33 विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि हमने 9 वर्ष में 33 से ज्यादा बड़े विकास कार्य किए हैं, कांग्रेस अपने राज में हुए 3 विकास कार्य भी गिनवा दे तो बड़ी बात है। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों को साढ़े 9 हजार करोड़ का मुआवजा दिया। इसके साथ-साथ एकमुश्त 1100 करोड़ माफ किए। उन्होंने कहा कि आज सरकार किसानों को 0 प्रतिशत ब्याज दर पर कर्ज दे रही है। 24 घंटे बिजली दी जा रही है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि कांग्रेस हर बात पर विरोध कर रही है, जीएसटी पर विरोध, रफाल खरीद पर विरोध, वैक्सीन पर विरोध, यहां तक की सर्जिकल स्ट्राइक पर भी प्रश्नचिन्ह लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार देश व प्रदेश को आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है।

सांसद रतनलाल कटारिया को दी श्रद्धांजलि

रैली के दौरान केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने सांसद रतनलाल कटारिया को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय रतनलाल कटारिया आज भी उनकी स्मृति में हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने भी स्वर्गीय रतनलाल कटारिया को श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें याद किया। इस दौरान यमुनानगर विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, अम्बाला विधायक असीम गोयल, राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, पूर्व मंत्री कर्णदेव कम्बोज, पूर्व विधायक लतिका शर्मा, भाजपा महामंत्री एडवोकेट वेदपाल, यमुनानगर मेयर मदन चौहान, हरियाणा समाज कल्याण बोर्ड की चेयरपर्सन रोजी मलिक आनंद, भाजपा जिला प्रभारी धुम्मन सिंह किरमच, यमुनानगर जिलाध्यक्ष राजेश सपरा, अम्बाला जिलाध्यक्ष राजेश बतोरा और अन्य वरिष्ठ नेतागण मौजूद रहे।

error: Content can\\\'t be selected!!