दिल्ली हाईकोर्ट की टिप्पणी भ्रष्टाचारियों के लिए सबकः शक्ति देवशाली

कहा-आम आदमी पार्टी दूसरों पर दोषारोपण करने की बजाय अपने भीतर झांके और भ्रष्टाचार छोड़कर सदाचार अपनाए

CHANDIGARH, 9 APRIL: भारतीय जनता पार्टी के चंडीगढ़ प्रदेश उपाध्यक्ष शक्ति प्रकाश देवशाली ने दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा आज आम आदमी पार्टी के नेता अरविन्द केजरीवाल की गिरफ़्तारी को चुनौती देने वाली याचिका को खारिज करने के दौरान की गई सख्त टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि स्वयं को कट्टर ईमानदार कहने वाले की पोल-पट्टी ईडी ने उच्च न्यायालय के सामने खोलकर रख दी है। कोर्ट की आज की टिप्पणी को भ्रष्टाचारियों के लिए सबक के रूप में देखा जा सकता है।

देवशाली ने एक बयान जारी कर कहा कि उच्च न्यायालय ने न केवल केजरीवाल की गिरफ्तारी, अपितु गिरफ्तारी के बाद ईडी के रिमांड को भी अवैध मानने से इंकार कर दिया। कोर्ट ने यह भी कहा कि ईडी द्वारा इकट्ठा की गई सामग्री से पता चलता है कि अरविंद केजरीवाल ने साजिश रची थी। केजरीवाल अपराध की आय के उपयोग और छिपाने में सक्रिय रूप से शामिल थे। ईडी के मामले से यह भी पता चलता है कि वह निजी तौर पर आम आदमी पार्टी के संयोजक के तौर पर भी शामिल थे।

देवशाली ने कहा कि आश्चर्य की बात यह है कि कभी बंगला, गाड़ी और सुरक्षा न लेने की सौगंध खाने वाले भ्रष्टाचार करने के बाद उच्च न्यायालय में भी विशेष सुविधाओं की अपेक्षा रखते हैं। कोर्ट की यह टिप्पणी कि अदालत कानून से चलती है, सियासी दबाव से नहीं, यह समझने के लिए काफी है कि अरविन्द केजरीवाल और उनकी पार्टी ने न्याय प्रक्रिया को प्रभावित करने की मानसिकता से राजनीतिक दबाव बनाने का प्रयास किया। देवशाली ने कहा कि आम आदमी पार्टी दूसरों पर दोषारोपण करने की बजाय अपने भीतर झांके, अपने दोष दूर करे और भ्रष्टाचार छोड़कर सदाचार अपनाए।

error: Content can\\\'t be selected!!