बापूधाम में चंडीगढ़ नगर निगम की तोड़फोड़ कार्रवाई कल से, कांग्रेस ने विरोध के लिए कसी कमर

इस गरीब विरोधी अभियान को रोकने के लिए हर संभव उपाय अपनाएंगे: एचएस लक्की

CHANDIGARH, 17 JULY: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने कल से बापूधाम कालोनी क्षेत्र में नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान के नाम से चलाए जाने वाले तोड़फोड़ अभियान का कड़ा विरोध किया है।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की की अध्यक्षता में कल हुई बैठक में बापूधाम के निवासियों को उनके मेहनत से बनाए हुए घरों से वंचित करने के उद्देश्य से शुरू किए इस गरीब विरोधी अभियान को रोकने के लिए सभी शांतिपूर्ण और संवैधानिक उपाय अपनाने का निर्णय लिया गया। यह जानकारी देते हुए पार्टी प्रवक्ता राजीव शर्मा ने बताया कि इस तोड़फोड़ अभियान के खिलाफ शांतिपूर्ण विरोध का नेतृत्व नगर निगम चुनाव में बापूधाम से कांग्रेस उम्मीदवार रहे रवि ठाकुर और पार्टी की स्थानीय इकाई के ब्लॉक अध्यक्ष मोहम्मद सुलेमान करेंगे। धरना प्रदर्शन स्थल पर पार्टी अध्यक्ष लक्की सहित प्रदेश और जिला कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे।

पार्टी प्रवक्ता ने कहा कि नगर निगम में व्याप्त सिरे की अक्षमता और भ्रष्टाचार के चलते चण्डीगढ़ शहर इस बरसात के मौसम में व्यापक रुप से जलभराव का सामना कर रहा है। परिणामस्वरूप बापूधाम के निवासियों को पहले से ही मौजूदा परिस्थितियों में बड़ी मुश्किल और अमानवीय स्थितियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में नगर निगम ने समाज के कमजोर तबकों की एक कॉलोनी में घरों को गिराने का यह असंवेदनशील आदेश पारित करने का जनविरोधी काम किया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी नगर निगम अधिकारियों से अपील करती है कि वह लोगों की मुश्किलों को समझे और प्रस्तावित तोड़फोड़ अभियान को तुरंत रोकने का निर्देश दें, अन्यथा कांग्रेस पार्टी बापूधाम के निवासियों के साथ इस अभियान को और वहां के लोगों के साथ हो रहे इस अन्याय को रुकवाने के लिए शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन शुरू करने के लिए मजबूर हो जाएगी।

error: Content can\\\'t be selected!!