दुष्यंत गौतम और वानती श्रीनिवासन आज चंडीगढ़ में, भाजपा ने कीं जोरदार स्वागत की तैयारियां, पार्टी दफ्तर हुआ भगवामय

CHANDIGARH: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री, महिला मोर्चा के राष्ट्रीय प्रभारी, राज्यसभा सांसद, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब और उत्तराखंड के प्रभारी दुष्यंत गौतम राष्ट्रीय महामंत्री और प्रभारी बनने के बाद मंगलवार को पहली बार चंडीगढ़ आ रहे हैं। उनके साथ भारतीय जनता पार्टी की महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वानती श्रीनिवासन भी चंडीगढ़ आ रही हैं। दोनों राष्ट्रीय नेताओं के आगमन पर चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा की ओर से विशाल सम्मान एवं अभिनन्दन समारोह का आयोजन सेक्टर-33 स्थित पार्टी कार्यालय कमलम में किया जाएगा। इसके लिए पार्टी कार्यालय को पूरी तरह भगवामय किया गया है।

दो दिन चंडीगढ़ में रहेंगे प्रभारी, करेंगे कई बैठकें
चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने बताया कि दुष्यंत गौतम चंडीगढ़ में दो दिवसीय प्रवास पर आ रहे हैं। इस दौरान वह पार्टी के पदाधिकारियों से भेंटवार्ता कर उनके साथ बैठकें करेंगे। उन्होंने बताया कि नए प्रभारी के चंडीगढ़ भाजपा कार्यालय आगमन पर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। उनके सम्मान में कोई कसर न रहे, इसके लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा चुकी हैं। सूद ने बताया कि दुष्यंत गौतम सुबह 9 बजे पार्टी कार्यालय पहुंचेंगे और उसके उपरांत पार्टी के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।  दोपहर 12 बजे वह प्रदेश महिला मोर्चा की पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। दोपहर 1 बजे पत्रकारों से रू-ब-रू होंगे, तत्पश्चात उनके सम्मान में भव्य स्वागत समारोह होगा। शाम को गौतम सभी जिला अध्यक्षों, मोर्चा और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। 2 दिसम्बर को दुष्यंत गौतम सुबह 9 बजे सभी पार्षदों और अंत में सुबह 10.30 बजे कोर कमेटी के सदस्यों के साथ बैठक करेंगे।

महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष भी करेंगी बैठक
अरुण सूद ने बताया कि गौतम के साथ भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वानती श्रीनिवासन भी 1 दिसम्बर को चंडीगढ़ आ रही हैं। वह दोपहर 12 बजे प्रदेश महिला मोर्चा की पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगी। 

error: Content can\\\'t be selected!!