कार्यकर्ताओं के बूते ही जीते जाते हैं चुनावः जेपी नड्डा

चंडीगढ़ में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत
नड्डा बोले- देश के लोगों की तकदीर व तदबीर बदलने के लिए 2024 में फिर कमल खिलाना जरूरी

BJP National President JP Nadda in Chandigarh CHANDIGARH, 3 SEPTEMBER: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा शनिवार को एक दिवसीय प्रवास पर चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे। 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा द्वारा राष्ट्रव्यापी तैयारियां शुरू की जा चुकी हैं। इसी संबंध में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा द्वारा देशभर में 120 दिवसीय चकरी प्रवास कार्यक्रम किए जा रहे है। जगत प्रकाश नड्डा इसी कड़ी में एक दिवसीय प्रवास पर चंडीगढ़ पहुंचे ।

चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा प्रवक्ता कैलाश चंद जैन ने बताया कि भाजपा कार्यालय पहुंचने पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा का कार्यकर्ताओं ने अभूतपूर्व स्वागत किया। नड्डा के स्वागत में ढोल-नगाड़े बजाए गए, पुष्प वर्षा की गई व भंगड़े के साथ उन्हें कार्यालय में लाया गया। इस अवसर पर पूरा माहौल जगत प्रकाश नड्डा जिंदाबाद भाजपा जिंदाबाद, जय श्रीराम, स्वागत है भाई स्वागत है नड्डा जी का स्वागत है के नारों से गूंज उठा। पार्टी कार्यालय पहुंचकर नड्डा ने जनप्रतिनिधियों-सांसद एवं पार्षदों के साथ बैठक की व फीडबैक लिया। उन्होंने शहर की प्रशासनिक स्थिति के बारे में भी जानकारी ली। इस अवसर पर सांसद किरण खेर व मेयर सरबजीत कौर ढिल्लों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया ।

तत्पश्चात सभी प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की तथा सभी प्रदेश पदाधिकारियों को मंडल तथा जिलों में प्रवास करने के निर्देश दिए। साथ ही पार्टी के कार्यकर्ताओं को पार्टी की मजबूती के मंत्र दिए। उन्होंने कहा कि लोगों में पार्टी के लिए समर्पण पैदा करना है। लोग भाषण से नहीं, कामो से जुड़ते हैं। उन्होंने पार्टी में कार्यो में तेजी लाने के लिए चिंतन शिविर लगाने का भी निर्देश दिया। साथ ही कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया का पार्टी के हित में सही उपयोग करने का पाठ भी पढ़ाया।

इसके बाद बूथ सशक्तिकरण के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की व कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता किसी भी पार्टी की रीढ़ होते हैं। कोई भी चुनाव कार्यकर्ताओं के बलबूते पर ही जीता जा सकता है। यह केवल भारतीय जनता पार्टी है, जिसमें प्रत्येक कार्यकर्ता को सम्मान दिया जाता है, कोई भी सामान्य कार्यकर्ता ऊंचे से ऊंचे पद पर पहुंच सकता है। उन्होंने कहा कि 2014 में नरेंद्र मोदी की सरकार बनने से पहले देश में अराजकता का माहौल था लेकिन केंद्र में भाजपा की सरकार बनने के बाद देश में बहुत बड़े बदलाव हुए हैं। बड़े-बड़े ऐतिहासिक फैसले लिए गए हैं। लोग सरकार के कार्यों से खुश हैं तथा जनता 2024 में फिर से भाजपा को आशीर्वाद देगी, केंद्र में फिर से भाजपा की सरकार बनेगी। देश का हित केवल भाजपा के हाथों में ही सुरक्षित है। नड्डा ने कहा कि भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है, जो राष्ट्र हित के बारे में सोचती है। राष्ट्रवाद की इस मुहिम में कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान होता है। इसलिए सभी कार्यकर्ता देश विरोधी ताकतों को सबक सिखाने के लिए अभी से जुट जाएं। कार्यकर्ता घर-घर जाकर भाजपा सरकार द्वारा करवाए जा रहे कार्यों के बारे में बताएं।

इससे पूर्व चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने पार्टी की तरफ से राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया तथा पार्टी द्वारा की जा रही गतिविधियों की जानकारी दी। इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं क्षेत्रीय प्रभारी सौदान सिंह, राष्ट्रीय महामंत्री एवं चंडीगढ़ पंजाब व उत्तराखंड के प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम,प्र देश संगठन महामंत्री श्रीनिवासुलू, पूर्व सांसद सत्यपाल जैन, प्रदेश महामंत्री रामवीर, चंद्रशेखर तथा मेयर सरबजीत कौर सहित सभी प्रदेश पदाधिकारी, पार्षद, जिला-मोर्चा अध्यक्ष, महामंत्री तथा शक्ति केंद्र प्रमुख व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

error: Content can\\\'t be selected!!