चंडीगढ़ प्रदेश यूथ कांग्रेस अध्यक्ष ने AI समिट में किए गए प्रोटेस्ट का कारण बताया और भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों व उसके भारतीय किसानों, MSME सेक्टर तथा देश की आर्थिक संप्रभुता पर पड़ने वाले प्रभावों को लेकर चिंता जताई
CHANDIGARH, 14 MARCH (ANewsoffice): चंडीगढ़ प्रदेश यूथ कांग्रेस ने आज सेक्टर-35 स्थित कांग्रेस कार्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करके हाल ही में दिल्ली में आयोजित AI समिट में किए गए प्रोटेस्ट का कारण बताया और भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों तथा उसके भारतीय किसानों, एमएसएमई (MSME) सेक्टर तथा देश की आर्थिक संप्रभुता पर पड़ने वाले प्रभावों को लेकर अपनी चिंताएं व्यक्त की। प्रेस कॉन्फ्रेंस में चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की, प्रदेश यूथ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक लुबाना, उपाध्यक्ष सुखदेव सिंह, अतिंदर रॉबी, प्रवक्ता साहिल चावर, जिला अध्यक्ष अमित कुमार, धीरज गुप्ता तथा वार्ड अध्यक्ष रोहन उपस्थित रहे।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में यूथ कांग्रेस नेताओं ने बताया कि AI समिट के दौरान यूथ कांग्रेस द्वारा किया गया विरोध प्रदर्शन किसी भी तकनीकी प्रगति के खिलाफ नहीं था, बल्कि केंद्र सरकार की उन नीतियों के खिलाफ था, जो देशहित से समझौता करती प्रतीत होती हैं। इसी विरोध के दौरान यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने PM is Compromised का नारा भी लगाया।
दीपक लुबाना ने कहा कि हालिया भारत-अमेरिका व्यापार समझौतों और नीतियों के चलते भारतीय अर्थव्यवस्था के महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। विशेष रूप से अमेरिका द्वारा भारतीय उत्पादों पर लगाए गए लगभग 18% टैरिफ से भारतीय किसानों, छोटे निर्यातकों और MSME सेक्टर को भारी नुकसान हो सकता है। इससे भारतीय उत्पादों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धा कम होगी और लाखों लोगों की आजीविका प्रभावित हो सकती है। लुबाना ने सवाल उठाया कि भारत द्वारा अमेरिका से कच्चे तेल (Crude Oil) की बढ़ती खरीद कहीं बाहरी दबाव का परिणाम तो नहीं है। उनका कहना था कि यदि आर्थिक और ऊर्जा से जुड़ी नीतियां अंतरराष्ट्रीय दबाव में तय की जाती हैं तो इससे देश की आर्थिक स्वतंत्रता और घरेलू उद्योगों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में रहे Jeffrey Epstein से जुड़े तथाकथित Epstein Files के संदर्भ में भी संभावित वैश्विक दबाव की बात उठाई गई। यूथ कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार से इस संबंध में पारदर्शिता की मांग की और कहा कि देशहित से जुड़ी किसी भी नीति पर बाहरी दबाव स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए।
चंडीगढ़ प्रदेश यूथ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक लुबाना ने कहा कि यूथ कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन लोकतांत्रिक तरीके से देश के किसानों, युवाओं, मजदूरों और छोटे व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए किया गया है। संगठन ने केंद्र सरकार से मांग की कि अंतरराष्ट्रीय समझौतों और व्यापार नीतियों में भारत के किसानों, MSME सेक्टर और राष्ट्रीय हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

