आखिरकार CONGRESS के ही रास्ते पर चल पड़ी AAP, कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी में गए नेता फंसे अजीबोगरीब स्थिति में !

आम आदमी पार्टी ने पू्र्व केंद्रीय मंत्री हरमोहन धवन के बेटे विक्रम धवन को भी उतारा राजनीति में, प्रदेश उपाध्यक्ष पद की बड़ी जिम्मेदारी भी सौंपी

CHANDIGARH: चंडीगढ़ में कांग्रेस को एक परिवार की पार्टी बना देने का आरोप लगाती रही आम आदमी पार्टी (AAP) खुद आज ऐसे ही रास्ते पर चलती दिखी। आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार को शहर में तीन अहम पदों पर नियुक्तियां की हैं। इनमें चंडीगढ़ प्रदेश उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता हरमोहन धवन के बेटे विक्रम धवन को सौंपी गई है। इसी के साथ धवन परिवार की नई पीढ़ी का औपचारिक रूप से राजनीति में पदार्पण हो गया है।

बता दें कि पिछले चार दशक से भी ज्यादा समय से चंडीगढ़ की राजनीति में सक्रिय पूर्व केंद्रीय मंत्री हरमोहन धवन ने चंडीगढ़ लोकसभा सीट पर पिछली बार आम आदमी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा था। हालांकि इस चुनाव में धवन को करारी हार का सामना करना पड़ा था लेकिन इसी चुनाव से उनकी नई पीढ़ी शहर की राजनीति में सक्रिय होने लगी थी। हरमोहन धवन के बेटे विक्रम धवन पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान अपने पिता के लिए चुनाव प्रचार से लेकर चुनावी प्रबंधन में भी जुटे रहे थे लेकिन उनके पास पार्टी की तरफ से कोई जिम्मेदारी नहीं थी। आज आम आदमी पार्टी ने विक्रम धवन को पार्टी में प्रदेश उपाध्यक्ष जैसे अहम पद का दायित्व देकर औपचारिक तौर पर उनके राजनीति में उतरने का ऐलान कर दिया। अब विक्रम धवन भी शहर में आम आदमी पार्टी के नेता के रूप में काम करते दिखेंगे। यह बात अलग है कि आम आदमी पार्टी के इस फैसले ने अब उसके परिवारवाद के उस आरोप को कमजोर कर दिया है, जिसमें वह कांग्रेस को घेरती रही है। यही नहीं, कांग्रेस में परिवारवाद को बढ़ावा दिए जाने व चंडीगढ़ में कांग्रेस को एक परिवार की पार्टी बना देने जैसे आरोप लगाते हुए कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हुए नेताओं के लिए भी अजीबोगरीब स्थिति बन गई है। क्योंकि चंडीगढ़ में नई तरह की राजनीति तथा परंपरागत दलों का विकल्प देने का दावा करने वाली आम आदमी पार्टी ने अब यहां कांग्रेस को घेरने के लिए कम से कम परिवारवाद का बड़ा मुद्दा तो अपने लिए खत्म ही कर दिया है।

आम आदमी पार्टी के प्रभारी एवं दिल्ली के विधायक जरनैल सिंह ने आम आदमी पार्टी की चंडीगढ़ प्रदेश इकाई के संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करने के लिए आज जिन दो अन्य पदों पर नियुक्तियां की हैं, उनमें चंडीगढ़ पुलिस से सेवानिवृत्त डीएसपी विजयपाल सिंह को महासचिव तथा पंजाब नेशनल बैंक के पूर्व मैनेजर पीपी घई को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। इस मौके पर विधायक जरनैल सिंह ने बताया कि जल्द ही पार्टी के अन्य पदों पर भी नए नामों की घोषणा की जाएगी। उन्होंने दावा किया कि जिस प्रकार आम आदमी पार्टी को चंडीगढ़ में भारी जनसमर्थन मिल रहा है, उससे नगर निगम चुनाव में कांग्रेस और भाजपा का सूपड़ा साफ होना तय है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के कामों से प्रभावित होकर लोग आम आदमी पार्टी में शामिल हो रहे हैं। इसलिए चंडीगढ़ में आने वाले नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी को ऐतिहासिक जीत मिलना तय है।

error: Content can\\\'t be selected!!