सेकेंड ईनिंग एसोसिएशन ने उठाया गंभीर मुद्दा, 92 हजार के टेंडर में किसी ठेकेदार ने भाग नहीं लिया तो निगम ने फिर जारी किया टेंडर
आरके गर्ग ने उठाए सवाल: आखिर फायर फाइटिंग सिस्टम के उदघाटन पर 92,000 रुपए खर्च करने की जरूरत ही क्यों है, टेंडर के पीछे क्या मंशा है, क्या किसी व्यक्ति विशेष को लाभ पहुंचाने की कोशिश हो रही है ?
CHANDIGARH, 19 MARCH (ANewsoffice): वार्ड नंबर-10 (सेक्टर-27 और 28) तथा वार्ड नंबर-11 (सेक्टर-18 और 19) के कम्युनिटी सेंटर में लगाए गए फायर फाइटिंग सिस्टम को चालू करने के लिए चंडीगढ़ नगर निगम एक ऐसे ठेकेदार का इंतजार कर रहा है, जो इसके उदघाटन समारोह का ठेका ले ले। नगर निगम इस समारोह पर 92 हजार रुपए खर्च करना चाहता है। यह गंभीर मुद्दा उठाया है सेकंड ईनिंग एसोसिएशन ने।
एसोसिएशन के अध्यक्ष आरके गर्ग ने कहा है कि वार्ड नंबर-10 (सेक्टर-27 और 28) तथा वार्ड नंबर-11 (सेक्टर-18 और 19) के कम्युनिटी सेंटर में स्थापित फायर फाइटिंग सिस्टम के उदघाटन के लिए नगर निगम ने पहले एक टेंडर जारी किया था, जिसे 10 मार्च को खोला जाना था लेकिन हैरानी की बात है कि उसमें किसी भी ठेकेदार ने भाग नहीं लिया। इसके बाद 17 मार्च को पुनः टेंडर जारी किया गया है, जो अब 24 मार्च को खुलना प्रस्तावित है।
आरके गर्ग ने सवाल उठाया है कि आखिर फायर फाइटिंग सिस्टम के उदघाटन पर 92,000 रुपए खर्च करने की जरूरत ही क्यों है और यदि पहली बार कोई ठेकेदार आगे नहीं आया तो बार-बार टेंडर निकालने के पीछे क्या मंशा है ? गर्ग ने यह भी सवाल उठाया कि क्या इस प्रक्रिया में किसी व्यक्ति विशेष को लाभ पहुंचाने की कोशिश हो रही है ? उन्होंने कहा कि जब फायर फाइटिंग सिस्टम तैयार है तो उदघाटन के नाम पर इसे उपयोग से दूर क्यों रखा जा रहा है ?
उन्होंने कहा कि सेकेंड ईनिंग एसोसिएशन का स्पष्ट मानना है कि फायर फाइटिंग सिस्टम एक आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था है, जिसका उदघाटन किसी औपचारिक समारोह का मोहताज नहीं होना चाहिए। इसे तुरंत चालू कर जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। आरके गर्ग ने कहा कि नगर निगम को भविष्य में भी इस प्रकार के अनावश्यक खर्च और औपचारिकताओं से बचना चाहिए जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए योजनाओं को समय पर लागू करना चाहिए।

