AAC की बैठक में ग्रुप हाउसिंग सोसाइटीज की आवाज बने पूर्व मेयर देवेश मौदगिल, बोले-दक्षिणी सेक्टरों में विकास को गति दे प्रशासन

सेक्टर-53 और सेक्टर-54 में सामान्य आवास योजनाएं, सेक्टर-48 और 50 में मल्टीप्लेक्स व शॉपिंग सेंटर के निर्माण, सेक्टर-48, 49, 50, 63 में डाक घर और जन औषधि केंद्र खोलने की मांग की

फ्लैट्स में भी नीड बेस्ड चेंज को रेगुलर करने, दक्षिणी सेक्टरों में धार्मिक स्थलों के लिए भूमि आवंटित करने, अपनी मंडी चालू करने और बस सेवा बढ़ाने की वकालत भी की

CHANDIGARH, 13 MARCH (ANewsoffice): चंडीगढ़ के प्रशासक की सलाहकार परिषद (AAC) की बैठक में चंडीगढ़ के पूर्व मेयर देवेश मौदगिल ने चंडीगढ़ में कोआपरेटिव सोसायटीज वाले सेक्टर-48, 49, 50, 51, 63 का विकास उत्तरी सेक्टरों के समान किए जाने, इन सेक्टरों में विकास कार्यों को गति देने और चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड द्वारा सेक्टर-53 और 54 में नए फ्लैट्स के निर्माण का विषय पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया के समक्ष पूरी दृढ़ता से उठाया और जल्द इनके समाधान की मांग की।

मौदगिल ने कहा कि चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड का मुख्य उद्देश्य केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के निवासियों को उचित मूल्य पर अच्छी गुणवत्ता वाले आवास उपलब्ध कराना है। चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड द्वारा पिछली योजना वर्ष 2016 में सेक्टर 51- ए में दो-बेडरूम वाले 200 फ्लैटों के लिए पूरी की गई थी। उसके बाद से चंडीगढ़ के निवासी पिछले 10 वर्षों से चंडीगढ़ में आवास योजना का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

मौदगिल ने प्रशासक से मांग की कि चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड को सेक्टर-53 और सेक्टर-54 में सामान्य आवास योजनाएं शुरू करने की अनुमति जल्द दी जानी चाहिए, क्योंकि यह चंडीगढ़ के निवासियों के लिए लाभकारी है और इससे उन्हें चंडीगढ़ में अपना घर खरीदने का बेहतर अवसर प्राप्त होगा। पूर्व मेयर देवेश मौदगिल ने कहा कि चंडीगढ़ प्रशासन सेक्टर-48 और 50 में मल्टीप्लेक्स और शॉपिंग सेंटर के लिए चिह्नित किए गए भूखंड की जल्द नीलामी करवा कर निर्माण कार्य प्रारंभ करवाए। मौदगिल ने कहा कि सेक्टर-48, 49, 50 और 63 में न कोई डाक घर है और न ही कोई जन औषधि केंद्र है, जिस कारण वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं को बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ता है। प्रशासन संबंधित विभागों को आदेश देकर इनकी स्थापना करवाए। इसके अलावा इन सेक्टरों में प्रशासन धार्मिक स्थलों, जिनमें मंदिर और गुरुद्वारा साहिब के लिए भूमि आवंटित करे। मौदगिल ने प्रशासक से यह भी मांग की कि चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड द्वारा घोषित की गई नीड बेस्ड पॉलिसी के आधार पर इन कोआपरेटिव ग्रुप हाउसिंग सेक्टरों 48, 49, 50 और 51 के फ्लैटों में भी जरूरत के आधार पर किए गए परिवर्तनों को नियमित करने के लिए नीति घोषित की जाए, जिससे लोगों में नोटिस और तोड़फोड़ की कार्रवाई का भय समाप्त हो।

उन्होंने कहा कि सेक्टर-50 में अपनी मंडी लगती थी, जिससे यहां के निवासियों को सस्ती दरों पर फल-सब्जियां मिल जाती थी लेकिन इस मंडी को बंद कर दिया गया है। प्रशासन पुनः अपनी मंडी लगवाए, ताकि यह असुविधा समाप्त हो। मौदगिल ने कहा कि सेक्टर-48, 49, 50, 63 से सेक्टर-17, पीजीआई, जीरकपुर और एयरपोर्ट तक सीटीयू की बस सेवा और बढ़ाई जाए। साथ ही बसक्यू शेल्टर के साथ टॉयलेट का निर्माण भी करवाए। देवेश मौदगिल ने कहा कि चंडीगढ़ को स्वच्छता में नंबर एक बनाने के लिए नगर निगम को कचरे के निस्तारण के लिए जनजागरण अभियान चलाना चाहिए और गीला-सूखा कचरा अलग करने के लिए और जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पुख्ता नीति बनानी होगी, जिसमें चुने हुए प्रतिनिधियों की अहम भूमिका हो, जो लोगों को ‘सोच बदलो-हालात बदलो’ के सिद्धांत से जागरूक कर इस समस्या का समाधान करेंगे।

error: Content can\\\'t be selected!!