22 गांवों के पूर्व जनप्रतिनिधि मिले सुभाष चावला से: प्रशासन व निगम के खिलाफ अगले हफ्ते से चंडीगढ़ के गांवों में उतरेगी कांग्रेस

CHANDIGARH: पंजाब के स्थानीय निकाय चुनाव में कांग्रेस की जीत से उत्साहित चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अब अगले हफ्ते से चंडीगढ़ के गांवों में उनकी समस्याओं को लेकर प्रशासन और नगर निगम के खिलाफ अभियान छेडऩे जा रही है। इस अभियान की घोषणा आज चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष सुभाष चावला ने चंडीगढ़ के 22 गांवों के पूर्व सरपंचों, पूर्व पंचों, पूर्व जिला परिषद चेयरमैनों और पूर्व पंचायत समिति सदस्यों की मौजूदगी में की।

पंजाब में कांग्रेस की प्रचंड जीत पर जताई खुशी
गौरतलब है कि चंडीगढ़ के 22 गांवों के पूर्व सरपंचों, पूर्व पंचों, पूर्व जिला परिषद चेयरमैनों और पूर्व पंचायत समिति सदस्यों ने आज चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष सुभाष चावला से उनके घर पर मुलाकात की और चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष बनने पर चावला को बधाई देते हुए पंजाब के स्थानीय निकाय चुनाव में कांग्रेस को मिली प्रचंड जीत पर खुशी जताई। साथ ही लड्डू भी बांटे। सुभाष चावला ने उनको विश्वास दिलाया कि चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव-2021 में भी कांग्रेस को जीत दिलाने के लिए वह भरपूर मेहनत और लगन से उनका साथ देंगे। सुभाष चावला ने कहा कि 21 फरवरी को होने वाले उनके पद ग्रहण समारोह के तुरंत बाद गांवों की समस्याओं को लेकर प्रशासन और नगर निगम के खिलाफ अभियान छेड़ा जाएगा।

चंडीगढ़ में गांवों की तरफ मुड़ा कांग्रेस का फोकस
बता दें कि इस बार चंडीगढ़ नगर निगम क्षेत्र में 13 और गांव शामिल किए गए हैं। इसके चलते चंडीगढ़ में नगर निगम चुनाव अब 26 के बजाय 35 वार्डों में होगा। इन गांवों के लोग जहां प्रशासन और नगर निगम से संबंधित अपनी कई समस्याओं के समाधान की अब उम्मीद कर रहे हैं तो किसान आंदोलन का भी गांवों में खासा प्रभाव देखा जा रहा है। इसलिए चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने निगम चुनाव के मद्देनजर अब अपना फोकस गांवों की तरफ भी मोड़ दिया है।

error: Content can\\\'t be selected!!