Gas Cylinder Rate: रक्षाबंधन पर महिलाओं को मोदी सरकार का तोहफाः घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में की बड़ी कटौती

NEW DELHI, 29 AUGUST: केंद्र सरकार ने महंगाई की मार झेल रहे आम लोगों को राहत देने के लिए रक्षाबंधन और ओणम के मौके पर बड़ी घोषणा की है। केंद्रीय कैबिनेट ने घरेलू रसोई गैस सिलेंडर पर 200 रुपए की सब्सिडी देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। यानी अब घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में सभी उपभोक्ताओं को 200 रुपए तक सब्सिडी दी जाएगी। हालांकि उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को 200 रुपए की अतिरिक्त सब्सिडी दी जाएगी। यानी उन्हें एक गैस सिलेंडर पर 400 रुपए की राहत मिलेगी। केंद्रीय कैबिनेट के इस फैसले की जानकारी आज केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने प्रैस कांफ्रैंस करके दी।

उज्ज्वला योजना में गैस सिलेंडर पर अब 400 रुपए सब्सिडी

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बताया कि उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को गैस सिलेंडर पर अलग से 200 रुपए की सब्सिडी दी जाएगी। यानी उन्हें कुल 400 रुपए सब्सिडी दी जाएगी। 200 रुपए सब्सिडी बाकी सभी उपभोक्ताओं को दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इससे पहले एक अगस्त को पेट्रोलियम कंपनियों ने व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 100 रुपए की कटौती की थी। अनुराग ठाकुर ने रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी देते हुए कहा कि 75 लाख महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन भी दिया जाएगा। उन्हें पाइप और चूल्हा भी मुफ्त में दिए जाएंगे। अनुराग ठाकुर ने कहा कि गैस सिलेंडर सस्ता हुआ फिर एक बार, राखी और ओणम पर देश की करोड़ों बहनों को पीएम मोदी ने दिया उपहार।

कैबिनेट में चंद्रयान-3 की सफलता की चर्चा

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में चंद्रयान मिशन-3 की सफलता के लिए चंद्रयान-3 मिशन से जुड़े हर व्यक्ति की सराहना की गई।

error: Content can\\\'t be selected!!