मेयर कार्यकाल के संबंध में सवालों के सरकारी जवाब का सांसद मनीष तिवारी के प्राइवेट मेंबर बिल पर कोई असर नहीं होगा: कांग्रेस

भाजपा चंडीगढ़ की जनता को गुमराह कर रही है। लोग बीजेपी के बयानों और प्रचार से सावधान रहें: राजीव शर्मा

CHANDIGARH, 11 DECEMBER: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने कहा है कि चंडीगढ़ के मेयर का कार्यकाल पांच साल किए जाने के लिए सांसद मनीष तिवारी द्वारा लोकसभा में पेश किए प्राइवेट मेंबर बिल पर सरकार के उस जवाब का कोई असर नहीं होगा, जो हाल ही में सांसद मनीष तिवारी के प्रश्नों पर दिया गया है।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता राजीव शर्मा ने आज पार्टी की तरफ से स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि चंडीगढ़ के सांसद मनीष तिवारी ने लोकसभा में एक सवाल पूछा था कि क्या केंद्र सरकार चण्डीगढ़ में किसी ऐसे गवर्नेंस मॉडल पर विचार कर रही है, जहां मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर को लोग सीधे पांच साल के कार्यकाल के लिए चुनते हैं। उन्होंने यह भी पूछा था कि क्या चंडीगढ़ प्रशासन की मुख्य डयूटीज और जिम्मेदारियों को मेयर इन काउंसिल को सौंपने का कोई प्रस्ताव है। इस पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने लिखित जवाब में कहा कि मेयर के कार्यकाल में बदलाव करने, इस पद के लिए सीधे चुनाव शुरू करने या चंडीगढ़ प्रशासन और नगर निगम के बीच कामों के बंटवारे में बदलाव करने का कोई प्रस्ताव अभी विचाराधीन नहीं है।

राजीव शर्मा ने कहा कि इस जवाब से पता चलता है कि केंद्र सरकार फिलहाल ऐसे किसी बदलाव पर सक्रिय रूप से काम नहीं कर रही है। कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता ने कहा कि केंद्र सरकार के इस रुख का सांसद मनीष तिवारी के उस प्राइवेट मेंबर बिल के प्रावधानों पर कोई असर नहीं पड़ेगा, जिसे चंडीगढ़ के प्रशासनिक ढांचे में व्यापक सुधार लाने के लिए सांसद मनीष तिवारी ने लोकसभा में पेश किया है। राजीव शर्मा ने कहा कि एक बार जब ये बिल दोनों सदनों से पारित होकर कानून बन जाएगा तो चंडीगढ़ प्रशासन के मुख्य काम और जिम्मेदारियां मेयर इन काउंसिल को सौंप दी जाएंगी, जिससे चंडीगढ़ के लोगों के सामने कई वर्षों से मुंह बांए खड़ी जटिल समस्याओं का समाधान सम्भव हो सकेगा। इसके अलावा मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर को लोग पांच साल के कार्यकाल के लिए सीधे चुनेंगे।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता राजीव शर्मा ने भाजपा और उसके स्थानीय नेताओं पर चंडीगढ़ के नागरिकों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ऐसा सांसद मनीष तिवारी के चंडीगढ़ प्रशासन में ढांचागत सुधार लाने के प्रयासों में पलीता लगाने के लिए कर रही है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि वह इस बाबत बीजेपी के बयानों और प्रचार से सावधान रहें।

error: Content can\\\'t be selected!!