हरियाणा के मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश चुनाव प्रचार की संभाली कमान

दून विधानसभा क्षेत्र से मौजूदा विधायक परमजीत सिंह पम्मी के पक्ष में किया प्रचार

CHANDIGARH, 30 OCTOBER: हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनावों को लेकर हो रही सरगर्मियों के बीच रविवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने चुनाव प्रचार की कमान संभाली है। आज मुख्यमंत्री मनोहर लाल दून विधानसभा क्षेत्र से मौजूदा विधायक और इस बार के प्रत्याशी परमजीत सिंह पम्मी के पक्ष में चुनाव प्रचार करने पहुंचे। बद्दी के मंधाला गांव में आयोजित जनसभा में मनोहर लाल ने कहा कि भाजपा सरकार एक सिद्धांत पर कार्य करती है। हमारी सरकार 3-सी पर प्रहार करती है। ये 3 सी हैं- करप्शन, क्राइम और कास्ट से जुड़ी राजनीति।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय में करप्शन जड़ों तक पहुंच चुका था। एक बार तो राजीव गांधी ने बयान दिया था कि हम ऊपर से 1 रुपया भेजते हैं तो नीचे केवल 15 पैसे पहुंचते हैं। उस समय हम कांग्रेस से पूछते थे कि 85 पैसे कहां जाते हैं। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनते ही देशभर में करप्शन पर अंकुश लगाने के लिए जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई। राज्यों में भी भाजपा सरकारों ने भ्रष्टाचार को खत्म करने का काम किया।

मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा में तो हमने यहां तक कहा है कि चाहे सत्ता पक्ष का कोई मंत्री, विधायक, सरकारी कर्मचारी, कोई नागरिक गलत काम करता हो या चाहे मनोहर लाल का भाई भी किसी गलत काम में संलिप्त पाया जाए तो उसको पकड़ कर अंदर कर दो। समाज में भ्रष्टाचार बिलकुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जाति पर आधारित राजनीति को खत्म करने के लिए सभी राजनीतिक पार्टियों तथा समाज को एक साथ आना होगा तभी समाज में एक नया सुधार लाया जा सकता है।

मनोहर लाल ने कहा कि हिमाचल में भाजपा सरकार ने विकास के कई काम किए हैं, जितने पिछली सरकारों के कार्यकाल में भी नहीं हुए। प्रदेश में हाइवे बनाए जा रहे हैं। पर्यटन के नाते भी यहां सरकार ने कई काम किए हैं। अटल टनल बनाकर एक आयाम स्थपित किया है। उन्होंने कहा कि नागरिकों से अपील की कि पिछली बार की तरह इस बार भी हिमाचल में डबल इंजन की सरकार बनाने में सहयोग दें और 12 नवंबर को होने वाले चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी परमजीत सिंह पम्मी को भारी मतों से जिताने का काम करें।

उन्होंने कहा कि हिमाचल और हरियाणा का सुदृढ़ संबंध व साझेदारी है। दोनों राज्यों के बीच निरंतर विकास कार्य किए जा रहे हैं। बद्दी – पिंजौर सड़क पर बसौला बायपास बन रहा है, जो जल्दी जनता को समर्पित होगा। इसके बनने से जाम से निजात मिलेगी। नानकपुर में सीएचसी बनी है, जिसका लाभ मंधाला के लोगों को भी मिल रहा है। छठ पूजा के लिए शाहपुर में घाट बनवाया है। इसके अलावा, मंधाला बरोटिवाला रोड़ का कार्य चुनाव आचार संहिता के बाद करवा दिया जाएगा। हरियाणा -हिमाचल के बीच कई अन्य परियोजनाओं को लेकर भी एमओयू हुए हैं।

मनोहर लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर में नई शिक्षा नीति लागू की है। इसमें मेडिकल शिक्षा, इंजीनियरिंग, लॉ आदि के पाठ्यक्रम स्थानीय भाषा में डिज़ाइन करने पर जोर दिया गया है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने उज्जवला योजना, आयुष्मान भारत योजना जैसी योजनाएं चलाकर आमजन का कल्याण किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में हरियाणा में बड़े बदलाव हो रहे हैं। सरकार ने संस्कृति मॉडल स्कूल खोले हैं। इसी प्रकार, हिमाचल में भी भाजपा सरकार शिक्षा में बड़े बदलाव ला रही है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा में हमने अपराधियों व गैंगस्टर पर सख्ती से शिकंजा कसा है। इसके साथ-साथ भ्रष्टाचार व भ्रष्टाचारियों पर करारा प्रहार किया है। 3-सी पर प्रहार करने के साथ ही हरियाणा में सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वाभिमान, सुरक्षा और स्वालंबन पर जोर दिया है। हरियाणा में तो जिन परिवारों का डाटा 2011 की सूची में नहीं था, अब ऐसे 7.50 लाख परिवारों को चिन्हित किया है, इन सबको भी हरियाणा सरकार आयुष्मान भारत योजना के तहत कवर कर उनको लाभ दे रही है।

 उन्होंने खेलों का उदाहरण देते हुए कहा कि आज हरियाणा का नाम खेल क्षेत्र में बना है। देश के 60 प्रतिशत मेडल हरियाणा के खिलाड़ी लेकर आ रहे हैं। सरकार ने प्रदेशभर में 1100 खेल नर्सरी खोलने का टारगेट लिया हुआ है। 500 खेल नर्सरी खोली जा चुकी हैं।

मनोहर लाल ने कहा कि लालच देने वाली एक पार्टी तो हिमाचल से जा चुकी है। कांग्रेस भी नए नए प्रलोभन देने का प्रयास कर रही है। लेकिन नागरिकों को किसी भी प्रकार के प्रलोभन में नहीं आना है। बल्कि समझदारी से ईमानदार छवि वाले भाजपा के प्रत्याशी परमजीत सिंह पम्मी को अपना मत देकर विजयी बनाना है।

error: Content can\\\'t be selected!!