हरियाणा सरकार ने महिला पुरस्कारों के लिए मांगे आवेदन, जानिए अंतिम तिथि

CHANDIGARH: हरियाणा की महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री कमलेश ढांडा ने कहा कि महिलाओं की रचनात्मक भूमिका के बगैर समाज और राष्ट्र के विकास की कल्पना ही बेमानी है। इसी को ध्यान में रखते हुए केन्द्र व राज्य सरकार महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक रूप से सशक्त करने के लिए कृतसंकल्प हैं और इस कड़ी में अनेक कार्यक्त्रम चलाए जा रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस भी इसी का एक हिस्सा है।

ढांडा ने बताया कि विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को 8 मार्च, 2022 को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सम्मानित करने के लिए राज्य सरकार ने 18 अक्तूबर, 2021 तक आवेदन आमंत्रित किए हैं।

ढांडा ने बताया कि जिन पुरस्कारों के लिए आवेदन मांगे गए हैं, उनमें इंदिरा गांधी महिला शक्ति पुरस्कार, कल्पना चावला शौर्य पुरस्कार, बहन शन्नो देवी पंचायती राज पुरस्कार,  लाईफटाईम अचीवर्स अवार्ड तथा एएनएम / नर्स/ महिला एमपीडब्ल्यू (पुरस्कार की संख्या दो) व महिला खिलाड़ी शामिल हैं। इसी प्रकार, साक्षर महिला समूह सदस्य (पुरस्कार की संख्या दो), सरकारी कर्मचारी (पुरस्कार की संख्या दो), सामाजिक कार्यकर्ता (पुरस्कार की संख्या दो) तथा महिला उद्यमी (पुरस्कार की संख्या दो) शामिल हैं। 

उन्होंने बताया कि पुरस्कार स्वरूप प्रशस्ति पत्र और 21 हजार से 1 लाख 50 हजार रुपए तक की नकद राशि दी जाएगी। आवेदन के लिए योग्यताएं व शर्तें विभाग की वेबसाइट www.wcdhry.gov.in पर उपलब्ध हैं।

उन्होंने बताया कि उत्कृष्ट महिलाओं द्वारा अपने सम्पूर्ण बायोडाटा और समाज में दिए गए अपने योगदान की विस्तृत जानकारी के साथ आवेदन संबंधित जिला कार्यक्त्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास कार्यालय के माध्यम से भेजे जा सकते हैं।

error: Content can\\\'t be selected!!