हरियाणा साहित्य अकादमी हिंदी व हरियाणवी भाषा की विभिन्न विधाओं में 14 नए युवा श्रेष्ठ कृति पुरस्कार देगी, जानिए कितनी मिलेगी नकद राशि

CHANDIGARH: हरियाणा साहित्य अकादमी द्वारा वर्ष 2021 से हिन्दी तथा हरियाणवी भाषा की विभिन्न विधाओं में 14 नए युवा श्रेष्ठ कृति पुरस्कार शुरू किए जा रहे हैं, जिसके तहत विजेताओं को 31-31 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

अकादमी के निदेशक डॉ. चन्द्र त्रिखा ने आज यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल, जो अकादमी के अध्यक्ष भी हैं, के विशेष निर्देशों पर राज्य में दिए जाने वाले युवा लेखक सम्मान पुरस्कार की संख्या भी दो से बढ़ाकर चार की गई है। इसके अतिरिक्त, अब इस पुरस्कार के तहत विजेता को 50,000 रुपये की बजाय एक लाख रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा हरियाणवी भाषा के माध्यम से प्रदेश के लोक साहित्य एवं संस्कृति के प्रति उल्लेखनीय योगदान के लिए लोक कवि श्री दयाचन्द मायना के सम्मान में एक नया साहित्यकार सम्मान भी अनुमोदित किया गया है। उन्होंने कहा कि अकादमी द्वारा यह सम्मान वर्ष 2021 से लोक साहित्य एवं संस्कृति वर्ग के अंतर्गत ‘लोक कवि दयाचन्द मायना सम्मान’ के नाम से आरंभ किया जा रहा है। इस सम्मान की राशि दो लाख रुपये होगी।

यहां यह उल्लेखनीय होगा कि मुख्यमंत्री की स्वीकृति उपरांत अकादमी द्वारा वर्ष 2017, 2018 एवं 2019 के लम्बित साहित्यकार सम्मान (कुल 38), श्रेष्ठ कृति पुरस्कार (कुल 37) तथा पाण्डुलिपि पुरस्कार (कुल 75) योजनाओं के परिणामों की घोषणा भी गत दिवस की गई थी। कोविंड-19 महामारी के दृष्टिगत इन सभी पुरस्कारों की राशि विजेताओं के बैंक खातों में सीधे जमा करवा दी गई है।

error: Content can\\\'t be selected!!