ट्रैक्टरों से चंडीगढ़ पहुंचे सैकड़ों किसान, किया कृषि बिलों का समर्थन, पुलिस ने रोकी रैली

प्रशासन ने भाजपा किसान मोर्चा को नहीं दी शहर में ट्रैक्टर रैली निकालने की परमीशन

CHANDIGARH: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा किसानों की आय में बढ़ोतरी और उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने के लिए पारित किए गए कृषि बिल के समर्थन में आज भारतीय जनता पार्टी की चंडीगढ़ प्रदेश इकाई के किसान मोर्चा ने ट्रैक्टर रैली का आयोजन किया। भाजपा  किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर के नेतृत्व में आयोजित इस रैली में शहर व आसपास के ग्रामीण इलाकों के सैकड़ों किसान अपने-अपने  ट्रैक्टर लेकर पहुंचे लेकिन परमीशन न मिल पाने की वजह से भाजपा ने प्रशासन की अपील पर शहर में ट्रैक्टर रैली निकालने का कार्यक्रम रद्द कर दिया। ऐसे में सभी किसान अपने ट्रैक्टरों के साथ सेक्टर-34 के ग्राउंड में इकट्ठे हुए और किसान बिल का समर्थन किया।

ये नेता विशेष तौर पर रहे मौजूद

इस अवसर पर चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद, महासचिव चंद्रशेखर, किसान मोर्चा के अध्यक्ष दीदार सिंह, महामंत्री धर्मेंद्र सिंह, अवतार सिंह, भाजपा नेता बलविंदर शर्मा, हुकम चन्द, तेजिंदर सिंह सरां, गजेंद्र शर्मा, जिलाध्यक्ष नरेश कुमार पांचाल तथा पंजाब किसान मोर्चा के अध्यक्ष विक्रमजीत सिंह चीमा विशेष तौर पर उपस्थित रहे।

बिलों का विरोध करना विपक्षियों की राजनीतिक मजबूरी: चाहर

बाद में चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा कार्यालय कमलम में आयोजित प्रैस वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर ने कहा कि नए कृषि बिल पूरी तरह किसानों के हित में है और किसानों की आय बढ़ाने में सहायक होंगे। उन्होंने कहा कि विपक्षी स्वयं भी जानते हैं कि यह बिल किसानों के हक में हैं। कांग्रेस के चुनावी घोषणा पत्र तक में इस प्रकार की घोषणा की गई थी लेकिन विरोध करना उनकी राजनीतिक मजबूरी है। चाहर ने कहा कि किसानों की असली हितैषी केवल मोदी सरकार है तथा देश के किसानों को भी विश्वास है कि किसानों का हित केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों में सुरक्षित है।

किसान अब और बहकावे में नहीं आएंगे

चाहर ने कहा कि विरोधी नेता किसानों को बहला-फुसला कर अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने में लगे हैं। किसानों में भ्रम फैलाया जा रहा है और उन्हें बहकाया जा रहा है लेकिन अब किसान असलियत जान गए हैं। वे इनके और बहकावे में नहीं आएंगे। राजकुमार चाहर ने कहा कि इन बिलों से पहले से चल रही मंडी व्यवस्था अथवा न्यूनतम समर्थन मूल्य पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा, बल्कि किसानों के लिए एक रास्ता और खुल जाएगा। अब किसान अपनी फसल को जहां चाहें, जिसे चाहें, जिस भाव पर चाहें, सीधे बेच सकते हैं, किसी बिचौलिए की जरूरत नहीं रहेगी।

विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं बचा: अरुण सूद

इस अवसर पर चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने राजकुमार चाहर का चंडीगढ़ भाजपा व किसान मोर्चा की तरफ से स्वागत किया व कहा कि किसान देश की रीढ़ हैं और मोदी सरकार के लिए किसानों की भलाई सर्वोपरि रही है। विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए किसानों के नाम पर राजनीति करने की असफल कोशिश की जा रही है, जबकि आज का किसान यह समझता है कि किसानों के हित केवल नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में ही सुरक्षित हैं। इस मौक पर चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा ने नए कृषि बिलों के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के प्रति धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया।

error: Content can\\\'t be selected!!