पूछताछ हो तो एक अफसर पेड पार्किंग घोटाले समेत चंडीगढ़ नगर निगम की सभी अनियमितताओं की पोल खोल सकता हैः प्रदीप छाबड़ा

पूर्व मेयर बोले- BJP ने भष्टाचार का अड्डा बना दिया है नगर निगम को, F&CC की पावर 1 करोड़ करना निगम हाउस की शक्तियां खत्म करने की साजिश

CHANDIGARH, 10 APRIL: पंजाब लार्ज इंडस्ट्रीज डेवलपमेंट बोर्ड के चेयरमैन, आम आदमी पार्टी के पूर्व सह प्रभारी एवं चंडीगढ़ के निवर्तमान मेयर प्रदीप छाबड़ा ने आज एक बार फिर भाजपा तथा भाजपा शासित नगर निगम पर जोरदार हमला बोला। छाबड़ा ने कहा कि चंडीगढ़ नगर निगम की सत्ता में आने के बाद भाजपा ने वर्ष 2016 से नगर निगम को आज तक सिर्फ भ्रष्टाचार के मामलों, लोगों पर टैक्स का बोझ बढ़ाने तथा पैसा कमाने का अड्डा बना दिया है। जिस नगर निगम पर शहर के विकास की जिम्मेदारी थी, उसे आज भाजपा के नेताओं ने अपने निजी हितों की पूर्ति का जरिया बना लिया है। शहर में विकास कार्य न के बराबर हो पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम की वित्त एवं अनुबंध समिति (एफएंडसीसी) की पावर 1 करोड़ करना नगर निगम हाउस की पावर खत्म करने की साजिश का हिस्सा है।

प्रदीप छाबड़ा ने आज यहां जारी किए अपने एक बयान में कहा कि भाजपा की भ्रष्ट कार्यशैली के कारण अब नगर निगम के अफसर भी बेकाबू हो चले हैं। सब अपनी मनमानी कर रहे हैं। आम जनता की जेब से राजस्व के रूप में जुटाए जाने वाले सरकारी धन का खुलेआम दुरुपयोग हो रहा है लेकिन कोई पूछने वाला नहीं है। रिमोट कंट्रोल से नगर निगम के मेयर को चलाना व निगम हाउस की मीटिंग तक समय पर न करने से चंडीगढ़ के लोगों का विश्वास अब नगर निगम से उठता जा रहा है।

छाबड़ा ने आरोप लगाया कि कुछ ऐेसे भाजपाई पार्षद, जिन्हें पता है कि नगर निगम में सबकुछ ठीकठाक नहीं चल रहा है और वे सच बोलना चाहते हैं लेकिन उनका मुुंह भाजपा के स्थानीय नेतृत्व द्वारा बंद करवा दिया जाता है। छाबड़ा ने कहा कि नगर निगम में पेड पार्किंग घोटाला तो महज ट्रेलर है। पिक्चर तो अभी बाकी है। प्रदीप छाबड़ा ने कहा कि नगर निगम का एक अफसर, जो आज चंडीगढ़ प्रशासन में है, पेड पार्किंग घोटाले से लेकर सभी अनियमितताओं की पोल खोल सकता है। अगर चंडीगढ़ के प्रशासक या उनके सलाहकार इस अफ़सर से पूछें तो न जाने कितनी गड़बड़ियां मिलने की संभावना है।

error: Content can\\\'t be selected!!