चंडीगढ़ में युवा कांग्रेसियों ने मोदी के होर्डिंग्स पर कालिख पोती, वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाला, भाजपा ने जताई तीखी प्रतिक्रिया

CHANDIGARH: नगर निगम चुनाव के इस साल में चंडीगढ़ में कांग्रेस और भाजपा के बीच एक-दूसरे पर हमले तेज होते जा रहे हैं। चंडीगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कल रात शहर में कुछ पेट्रोल पर पंपों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फोटो वाले होर्डिंग्स पर काली स्याही पोत दी। युवा कांग्रेसियों ने इस दौरान केंद्र सरकार व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए इसका वीडियो भी बनाया और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। यह वीडियो सामने आने के बाद भाजपा ने भी कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए इसे प्रधानमंत्री ही नहीं, बल्कि देश का अपमान बताया है।

शहर में भाजपा के खिलाफ आंदोलित है कांग्रेस
बता दें कि चंडीगढ़ में इस साल दिसम्बर नगर निगम चुनाव होना है। इसके मद्देनजर कांग्रेस ने अपनी चंडीगढ़ प्रदेश इकाई का अध्यक्ष बदलकर भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। नए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चावला के नेतृत्व में गत 28 फरवरी से पार्टी शहर में भाजपा शासित नगर निगम और भाजपा के खिलाफ सड़क पर आंदोलन कर रही है। कांग्रेस के तेवरों को देखते हुए माना जा रहा है कि भाजपा के विरुद्ध कांग्रेस का यह मोर्चा फिलहाल निगम चुनाव तक तो थमने वाला नहीं है।

रात में काली स्याही लेकर पेट्रोल पंपों पर पहुंचे युवा कांग्रेसी
इस बीच, कल रात युवा कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ता काली स्याही की शीशियां लेकर कुछ पेट्रोल पंपों पर पहुंच गए। उन्होंने यहां लगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीरों वाले होर्डिंग्स पर काली स्याही फेंकना शुरू कर दिया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर को पूरी तरह काली स्याही से पोत दिया गया। साथ ही युवा कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए इस घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड भी किया। युवा कांग्रेसी किसान आंदोलन और बढ़ती महंगाई को लेकर गुस्सा जता रहे थे।

भाजपा ने बताया देश का अपमान
प्रधानमंत्री की तस्वीरों वाले होर्डिंग्स पर काली स्याही पोते जाने का यह वीडियो सामने आने के बाद भाजपा ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ के प्रदेश महामंत्री रामबीर ने कहा कि यूथ कांग्रेस चंडीगढ़ के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने चोरों की तरह चोरी- चुपके कुछ पेट्रोल पंप पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लगी फोटो पर कालिख फेंककर प्रधानमंत्री का नहीं, बल्कि देश का अपमान किया है।  इस प्रकार की घटिया राजनीति करके उन्होंने अपने दल और उसके शीर्ष नेताओं की कुंठित मानसिकता का परिचय दिया है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि इस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चावला की नई-नई ताजपोशी के बाद इस प्रकार से प्रधानमंत्री की फोटो के साथ खिलवाड़ करना अति निंदनीय कृत्य है।  ऐसा चंडीगढ़ की राजनीति में पहली बार हुआ है। देश के ऐसे प्रधानमंत्री जो देश की जनता के लिए दिन-रात एक किए हुए हैं, जो देश के विकास में निरंतर अग्रसर हैं, उनकी फोटो के साथ ऐसा करना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है।

कांग्रेस का तो कुनबा ही भ्रष्टाचारियों और घोटालेबाजों का
भाजपा नेता ने कहा कि दरअसल, कांग्रेस पार्टी को देश के विकास से कोई लेना देना नहीं है। इसका तो कुनबा ही भ्रष्टाचारियों और घोटालेबाजों का रहा है। इसकी राजमाता, राजकुमार, बहन और बहनोई का घोटालों के साथ चोली-दामन का साथ है। इनकी आड़ में चंडीगढ़ के पूर्व केंद्रीय मंत्री तो मामा-भांजा रेल घोटाले में रिकॉर्ड तोड़ चुके हैं। इतना ही नहीं, कांग्रेस के कई नेता और पूर्व मंत्री या तो जेलों के अंदर हैं और कुछ जमानत पर बाहर हैं।

जनता समय रहते जवाब देगी
उन्होंने कहा कि देश में संविधान ने सभी को विरोध प्रदर्शन करने का हक दिया है, लेकिन शांतिपूर्वक और मर्यादित ढंग से विरोध करना उचित है। कांग्रेस पार्टी द्वारा किए गए इस घटनाक्रम को किसी भी कीमत पर संविधान के अनुसार प्रदर्शन नहीं कहा जा सकता। इसकी जितनी निंदा की जाए उतनी कम है। उन्होंने कहा कि जिन भी लोगों ने इस ओच्छी राजनीति का परिचय दिया है, देश की जनता उनको समय रहते जवाब देगी।

निगम चुनाव से पूर्व अपनी जमीन खिसकती दिख रही है कांग्रेस को
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव से पूर्व अपनी जमीन खिसकती दिख रही है। कांग्रेस पार्टी के पास और कोई तो मुद्दा है नहीं, इसलिए ऐसी बेतुकी और घटिया राजनीति करके समाचार पत्रों की सुर्खियां बटोरना चाहती है। वैसे भी घोटालों में, चोरी में और न जाने कितने अन्य कामों में कांग्रेस नेता पहले भी घिनौने मामलों में सुर्खियां बटोर कर अपनी राजनीति चमकाने का काम करते रहे हैं।

error: Content can\\\'t be selected!!