गांधी स्मारक भवन-16 में मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय दिवस, गांधी जी के जीवन से रू-ब-रू हुए लोग

CHANDIGARH, 18 MAY: गांधी स्मारक भवन सैक्टर-16 चंडीगढ़ में आज अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय दिवस भवन के ’गांधी संग्रहालय’ में मनाया गया। प्रोग्राम कोआर्डिनेटर डॉ. देवराज त्यागी ने बताया कि 18 मई को संग्रहालय दिवस पूरे विश्व में मनाया जाता है। संग्रहालय समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा कई अज्ञात बातों के बारे में बताते हैं। संग्रहालय सांस्कृतिक आदान- प्रदान और लोगों के बीच आपसी समझ, सहयोग और शान्ति के विकास का महत्वपूर्ण साधन है।

इस मौके पर डॉ. देवराज त्यागी ने ट्राईसिटी के लोगों से अपील करते हुए कहा कि चंडीगढ़ के सभी स्कूल-काॅलेज एवं शैक्षिक संस्थाएं अपने बच्चोें एवं स्टाफ को संग्रहालय का अवलोकन अवश्य कराएं। गांधी संग्रहालय में प्रवेश निःशुल्क है। गांधी जी के जीवन से संबंधित फिल्म भी यहां चलाई जाती है। छात्रों के लिए इस गांधी संग्रहालय का विशेष महत्व है। यह उनको सीखने, समृद्ध करने एवं नए अनुभव प्राप्त करने के लिए प्रेरित करता है।

उपप्रभारी पापिया चक्रवर्ती ने बताया कि गांधी संग्रहालय का उदघाटन 2 अक्टूबर (गांधी जयंती) को 2018 में तत्कालीन राज्यपाल पंजाब एवं प्रशासक वी.पी. सिंह बदनौर ने किया था।

महात्मा गांधी को आने वाली पीढ़ी यादों में जिंदा रखे, इसलिए यहां म्यूजियम का निर्माण किया गया है। इस म्यूजियम में गांधी जी के जीवन से संबंधित कई चीजें रखी गई हैं जैसे गांधी जी के जीवन दर्शन को दर्शाती हुई उनके जन्म से मृत्यु तक की लगभग 150 तस्वीरें। गांधी जी की जेल, दांडी यात्रा का मैप, अंग्रजों के जमाने का फोन जिसमेें गांधी जी का अंग्रेजी व हिंदी में भाषण सुना जा सकता है , उनके जीवन पर आधारित शाॅर्ट फिल्म भी देखी जा सकती है। विश्व के लगभग 100 से अधिक राष्ट्रों ने गांधी जी की तस्वीर का डाक टिकट जारी किया हुआ है, जिनमें से 35 यहां प्रदर्शित हैं। इसके अतिरिक्त यहां नमक बनाते हुए गांधी जी, खड़ाऊ, चश्मा, पाॅकेट वाॅच, पेटी चरखा, लकड़ी के बर्तन, तीन बंदर आदि प्रदर्शित किए गए हैं।

इस कार्यक्रम में डा. रमेश कुमार, रूपचंद चावला, डा. अनिल मेहन, अमनदीप कौर, आकांक्षा गर्ग, नितिन , आर्यन राठौड़, रोबिन गुलेरिया, रजत चैधरी, दीपक , आनंद राव, गुरप्रीत , अमित कुमार, महेन्द्र सिंह , गोबिंद शर्मा आदि ने भाग लिया।

error: Content can\\\'t be selected!!