जन्नत जहां ने कायम की मिसाल: हारने के बावजूद चुनाव के दौरान किया वायदा दो महीने में ही पूरा किया

किशनगढ़ भगवानपुरा गांव के गुरुद्वारा साहिब के आंगन में सफेद मार्बल लगवाने का काम कराया शुरू

CHANDIGARH, 6 MARCH: गत दिसम्बर-2021 में हुए चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में वार्ड-4 से कांग्रेस की प्रत्याशी रहीं पूर्व पार्षद जन्नत जहां उर्फ नैना चौधरी ने चुनाव हारने के बावजूद लगभग 2 महीने बाद ही वार्ड में किया एक वायदा आज पूरा कर दिया। जन्नत जहां ने किशनगढ़ भगवानपुरा गांव के गुरुद्वारा साहिब के आंगन में रविवार को सफेद मार्बल लगवाने का काम शुरू करवा दिया।

बता दें कि कांग्रेस के टिकट पर वार्ड-4 से पार्षद का चुनाव लड़ीं जन्नत जहां मात्र 42 वोटों के बहुत मामूली अंतर से जीत से चूक गई थीं लेकिन इसके बावजूद उन्होंने वार्ड में अपनी सक्रियता नहीं छोड़ी है। वह यहां के लोगों की समस्याओं के हल के लिए लगातार प्रयासरत हैं। इसी कड़ी में जन्नत जहां ने आज अपने उस वायदे को पूरा कर दिया, जो उन्होंने चुनाव के दौरान किया था। जन्नत जहां उर्फ नैना चौधरी ने अपने चुनाव प्रचार के दौरान वार्ड-4 के किशनगढ़ भगवानपुरा गांव के गुरुद्वारा साहिब में वायदा किया था कि चुनाव का नतीजा चाहे कुछ भी हो, मगर किशनगढ़ भगवानपुरा के गुरुद्वारा साहिब के पूरे आंगन में सफेद मार्बल लगवाएंगी और आज जन्नत जहां ने गुरुद्वारा साहिब में सफेद मार्बल लगाने का काम अपने हाथों से शुरू कराया।

इस मौके पर किशनगढ़ और भगवानपुरा के तमाम गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे। उन्होंने जन्नत जहां का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उदाहरण है उन नेताओं के लिए, जो चुनाव जीतने के बाद भी काम नहीं करते और जो चुनाव हारने के बाद वार्ड में अपनी शक्ल तक नहीं दिखाते हैं।
जन्नत जहां उर्फ नैना चौधरी ने केवल 42 वोटों से चुनाव में पीछे रहने के बावजूद अपने वायदे और जुबान की गरिमा व अहमियत को बरकरार रखा है। इस अवसर पर जन्नत जहां ने कहा कि इस वार्ड के लोग उनके परिवार की तरह हैं। यहां के लोगों की समस्याओं के हल और संघर्ष के लिए वह कभी पीछे नहीं हटेंगी।

error: Content can\\\'t be selected!!