JTA ने अपने स्थापना दिवस पर चंडीगढ़ के शिक्षकों की कई मांगें उठाई

सांसद सतनाम सिंह संधू व संजय टंडन ने दिया समस्याओं के हल के लिए कोशिश करने का आश्वासन

CHANDIGARH, 18 MAY: चंडीगढ़ के अध्यापक संगठन ज्वाइंट टीचर्स एसोसिएशन (JTA) ने आज अपना दूसरा स्थापना दिवस सेक्टर-18 स्थित टैगोर थिएटर में सैकड़ो अध्यापकों की उपस्थिति में मनाया। इस मौके पर मुख्य मेहमान के तौर पर राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू व चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष संजय टंडन उपस्थित हुए। JTA के संयोजक डॉ. रमेश चंद शर्मा ने सबसे पहले JTA की उपलब्धियों से सभी को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि JTA के गठन का उद्देश्य चंडीगढ़ के अध्यापकों में कैडर लड़ाई को खत्म करना था, जिसमें JTA को पूर्णतः कामयाबी मिली है। डॉ. रमेश चंद शर्मा ने कहा कि कई अन्य मांगों को भी JTA पूरा कराने में सफल रही है लेकिन अभी भी कुछ मुद्दे बाकी हैं, जिन्हें उन्होंने मुख्य अतिथियों के समक्ष रखा।

JTA के कानूनी सलाहकार अरविंद राणा ने मुख्य तौर पर समग्र शिक्षा अभियान के तहत कार्यरत कर्मचारियों के 2021 से बकाया डीए के एरियर की मांग को पुरजोर तरीके से उठाया। इसके साथ कंप्यूटर अध्यापकों को 3 साल का एरियर, चंडीगढ़ के स्कूलों में कार्यरत काउंसलर्स को 12 महीने का वेतन व चंडीगढ़ में अनुबंधित कर्मचारियों के लिए एक सिक्योर पॉलिसी और चंडीगढ़ में अनुबंधित कर्मचारियों के लिए सातवें वेतन आयोग को लागू करने जैसी मांगों को भी मुख्य अतिथि के सामने उठाया गया।

JTA के चेयरमैन रणवीर जोरार ने पंजाब व हरियाणा से चंडीगढ़ में डेपुटेशन पर आए कर्मचारियों के ऊपर समय सीमा लागू न होने के प्रावधान का मामला उठाया। इसके अलावा 2015 बैच के अध्यापकों को अदालत के फैसले के बाद भी वित्तीय लाभ न देने की बात भी उठाई। रणवीर जोरार ने यूटी कैडर के अध्यापकों के लिए केंद्रीय नियम लागू होने के बाद छुट्टियों में हुई कटौती के मामले का भी जिक्र किया। उन्होंने यह भी कहा कि महिला अध्यापकों ने किसी भी तरह अध्यापकों पर वर्दी लागू करने के विरुद्ध आवाज उठाई है, इस पर भी गौर किया जाना चाहिए। रणवीर जोरार ने नर्सरी ओर जूनियर बेसिक टीचर्स की प्रमोशन की मांग को भी उठाया I

इस अवसर पर इन सभी मुद्दों को सुनने के बाद सांसद सतनाम सिंह संधू ओर संजय टंडन ने अध्यापकों को आश्वस्त किया कि वे मिलकर इन सभी मांगों पर कार्य करेंगे और अगर जरूरत पड़ी तो पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया के समक्ष अधिकारियों को बुलाकरके JTA के साथ एक सांझी मीटिंग करवाकर समस्याओं का हल निकालने की कोशिश करेंगे।

error: Content can\\\'t be selected!!