चंडीगढ़ में AAP की भारी जीत से केजरीवाल गदगद, परसों शहर में भव्य विजय यात्रा निकालकर जनता का जताएंगे आभार

अपने सभी नवनिर्वाचित पार्षदों को कल दिल्ली में लंच भी देंगे आम आदमी पार्टी सुप्रीमो

CHANDIGARH: चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में शानदार जीत दर्ज करने के बाद उत्साहित आम आदमी पार्टी इस विजय को बड़े स्तर पर सेलिब्रेट करने जा रही है। दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल कल वीरवार को चंडीगढ़ आ रहे हैं। इस दौरान केजरीवाल यहां एक भव्य विजय यात्रा निकालकर चंडीगढ़ की जनता का आभार व्यक्त करेंगे। आम आदमी पार्टी इस विजय यात्रा की तैयारियों में जुट गई है। यात्रा का रूट व समय अभी तय किया जा रहा है। इससे पहले आम आदमी पार्टी के सभी नवनिर्वाचित पार्षदों को कल अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में लंच पर बुलाया है।

गौरतलब है कि चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी पहली बार उतरी थी तथा पहली बार में ही 14 सीटें हासिल कर बड़ी जीत दर्ज करने में कामयाब रही। चूंकि इसका सीधा संदेश अब पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए भी जा रहा है तो पार्टी पंजाब की राजधानी चंडीगढ़ में इस शानदार जीत को लेकर बेहद उत्साहित है। हालांकि अब चंडीगढ़ में मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर व डिप्टी मेयर के चुनाव की चुनौती भी आम आदमी पार्टी के सामने खड़ी है लेकिन पार्टी का मानना है कि नगर निगम सदन में सबसे बड़ी पार्टी होने के कारण इस चुनाव में भी आम आदमी पार्टी को ही सफलता मिलेगी। यह बात अलग है कि अपना मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर व डिप्टी मेयर बनाने के लिए आम आदमी पार्टी को अभी पांच और पार्षद चाहिए। लिहाजा, यह देखना दिलचस्प होगा कि आम आदमी पार्टी का मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर व डिप्टी मेयर बनाने के लिए कौन पांच पार्षद आगे आएंगे।

फिलहाल, चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में 14 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरने से आम आदमी पार्टी व खुद अरविंद केजरीवाल गदगद हैं। उन्होंने अपने सभी नवनिर्वाचित पार्षदों से मुलाकात करने व उन्हें बधाई देने के लिए उन्हें कल दिल्ली में लंच पर आमंत्रित किया है। इसके लिए सभी आम आदमी पार्टी पार्षद कल सुबह दिल्ली रवाना होंगे। इसके बाद परसों यानी वीरवार को अरविंद केजरीवाल चंडीगढ़ आएंगे और शहर में एक रोड शो की शक्ल में विजय यात्रा निकालकर नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी को जिताने के लिए चंडीगढ़ की जनता का आभार व्यक्त करेंगे। पार्टी इस विजय यात्रा को भव्य बनाने की तैयारियों में जुट गई है। इसका समय व रूट फाइनल किया जा रहा है।

error: Content can\\\'t be selected!!