गवर्निंग एवं जनरल बॉडी की बैठक में की गई घोषणा
पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए भारतीय नागरिकों को दी श्रद्धांजलि और सेना के पराक्रम को किया सेल्यूट
CHANDIGARH, 18 MAY: खादी सेवा संघ की गवर्निंग एवं जनरल बॉडी की एक संयुक्त बैठक आज चंडीगढ़ प्रेस क्लब में संघ के चेयरमैन केके शारदा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस दौरान खादी सेवा संघ की गतिविधियों को और तेज करने पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में सर्वप्रथम पिछले दिनों पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए निर्दोष भारतीय नागरिकों और इसके बाद पाकिस्तान से छिड़े संघर्ष में शहीद हुए भारतीय सेना के जवानों को नमन करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके अलावा भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान और पीओके में आतंकी ठिकानों व उनके ट्रेनिंग कैंपों को तबाह करके दिखाए गए युद्ध कौशल की प्रशंसा करते हुए भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम को सेल्यूट किया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि खादी सेवा संघ जल्द ही न्यू चंडीगढ़ में खादी उत्पादों का बड़ा स्टोर खोलेगा, ताकि चंडीगढ़ ट्राइसिटी में खादी उत्पादों की लोकप्रियता को और ज्यादा बढ़ाया जा सके। इसके साथ ही बैठक में खादी सेवा संघ की गवर्निंग बॉडी का पुनर्गठन करने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक में खादी सेवा संघ के उपाध्यक्ष रमन गुप्ता, कानूनी सलाहकार रमन कुमार शर्मा, सह-सचिव ओंकार चंद, वरिष्ठ साहित्यकार प्रेम विज, वरिष्ठ पत्रकार नीरज अधिकारी, तेजिंदर ठाकुर, विक्रम अरोड़ा, नरेंद्र कुमार, विनोद कुमार, अनुपम कुमार समेत तमाम पदाधिकारी उपस्थित थे।

