पुलिस ने पानी की बौछारें भी कीं, कई नेताओं को हिरासत में लिया
CHANDIGARH, 9 FEBRUARY: चंडीगढ़ की पुनर्वास कालोनियों में रह रहे लोगों को मकान का मालिकाना हक दिलाने और महंगाई व बेरोजगारी के मुद्दे पर आज चंडीगढ़ प्रदेश यूथ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक लुबाना की अगुवाई में यूथ कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा कार्यालय का घेराव करने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने बैरीकेडिंग करके उन्हें रास्ते में ही रोक लिया। जब युवा कांग्रेसियों ने बैरीकेड से आगे बढ़ने का प्रयास किया तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। साथ ही पानी की तेज बौछारें कर युवा कांग्रेसियों को खदेड़ दिया। इस दौरान कई युवा कांग्रेसी घायल हो गए।

इस प्रदर्शन में यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब, चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की, उपाध्यक्ष गुरप्रीत सिंह गाबी, सीनियर डिप्टी मेयर जसबीर सिंह बंटी, प्रदेश महासचिव लव कुमार सहित पूरे शहर से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। यूथ कांग्रेसी पहले सेक्टर-35 में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर एकत्रित हुए। यहां से रैली के रूप में सेक्टर-33 स्थित भाजपा कार्यालय की तरफ कूच किया लेकिन रास्ते में पहले से मौजूद भारी पुलिस ने बैरिकेडिंग पर ही युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोक दिया। इस दौरान यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने जमकर लठियां बरसाई तथा वाटर कैनन से पानी की तेज बौछारें कीं। इस दौरान घायल हुए कार्यकर्ताओं से मिलने के लिए यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब, चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की, उपाध्यक्ष गुरप्रीत सिंह गाबी, सीनियर डिप्टी मेयर जसबीर सिंह बंटी, प्रदेश महासचिव लव कुमार सेक्टर-16 अस्पताल पहुंचे। यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक लुबाना ने कहा कि कांग्रेस राष्ट्र निर्माण की बात करती है और भाजपा स्वयं के निर्माण की। युवाओं को रोजगार चाहिए, नशा नहीं। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो फिर से बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
इस अवसर पर युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदभानु चिब ने कहा कि मोदी सरकार ने अमेरिका से भारतीयों के निर्वासन के मामले में भारत का सिर पूरे विश्व में झुकाया है। देश के बेटों को बेडि़यों व हथकड़ियों में जकड़ कर पंजाब की धरती पर उतारा गया। यह दृश्य देखकर अंग्रेजों के वक्त की याद ताजा हो गई, शायद हम आज भी ग़ुलाम हैं। ये लोग रोजगार की तलाश में विदेश गए थे, क्योंकि भाजपा सरकार रोजगार के मुदे पर घुटने टेक चुकी है। उन्होंने कहा कि पंजाबियों के साथ ऐसा दुर्व्यवहार कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने युवाओं के लिए संसद में आवाज उठाई।
चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने कहा कि चंडीगढ़ में भाजपा पिछले दस साल से ग़रीब कॉलोनी निवासियों का शोषण कर रही है। वोट के लालच में झूठे लड्डू तक बांट दिए गए कि पुनर्वास कालोनियों के लोगों को मालिकाना हक दे दिया गया है। पूर्व सांसद किरण खेर ने तो 18 अगस्त 2017 को यूटी गेस्ट हाउस में एक प्रेस कांफ्रेंस करके एक कागज दिखाया था और घोषणा की थी कि कालोनी के लोगों को मालिकाना हक दिला दिया गया है। तब मिठाइयां बांटी गई थीं। इसके ठीक 6 साल बाद भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद ने भी दावा किया कि कालोनियों के लोगों को मालिकाना हक दिला दिया गया है। पार्टी ऑफिस में फिर मिठाइयां बांटी गई। कई कालोनियों में इसके लिए धन्यवाद कार्यक्रम भी किए गए लेकिन सब झूठ निकला।
कांग्रेस के वरिष्ठ पार्षद गुरप्रीत सिंह गाबी ने कहा कि भाजपा की सचाई तब सामने आई जब सांसद मनीष तिवारी ने लोकसभा में सवाल किया कि पुनर्वास कालोनियों का मालिकाना हक कब मिलेगा। चंडीगढ़ में मेट्रो कब चलेगी, जिन गावों की जमीन पर चंडीगढ़ बसा है उनका लालडोरा कब बढ़ेगा। तब भाजपा का चेहरा बेनकाब हो गया, जब केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद ने कहा कि इस तरह की कोई भी योजना केद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित नहीं है। चंडीगढ़ में न ही मेट्रो चलाने का प्रस्ताव पिछले दस सालों में रखा गया और न ही मालिकाना हक देने का कोई प्रावधान है, न ही मास्टर प्लान के मुताबिक लालडोरा बढ़ाने का कोई प्रावधान है।
इस मौके पर सीनियर डिप्टी मेयर जसबीर सिंह बंटी, डिप्टी मेयर तरुणा मेहता, युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष व पार्षद सचिन गालव, रॉबी, सुखदेव सिंह, भानु प्रिया, महासचिव कपिल चोपड़ा , आशु वैद, शुभम, यतीन, रियाज उल हक, खुशबू, विक्रमजीत, सुनील यादव, संदीप, अरदास, माधवी दुबे, दीपक जैसवाल, पारुल, जिला अध्यक्ष धीरज गुप्ता, प्रकुल, रवि राणा, अमित कुमार, विकास खन्ना, वार्ड अध्यक्ष रवि, रोहन, संजय वर्मा, विक्रमजीत, रवींद्र, तरुण, दिलशाद, गोल्डन,अमन, सुनील, शद्दन,विशाल, कुणाल, मोनू आदि यूथ कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

