इस मांग को लेकर हस्ताक्षर मुहिम भी चलाई जा रही, देशभर से प्रधानमंत्री को 10 लाख महिलाओं के हस्ताक्षर भेजने का लक्ष्य
CHANDIGARH, 4 MAY (ANewsoffice): चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा के नेतृत्व में आज चंडीगढ़ में ‘पोस्टकार्ड अभियान’ शुरू किया। इस अभियान के तहत महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पोस्टकार्ड के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखित संदेश भेजा कि नारी शक्ति अधिनियम-2023 संसद में सर्वसम्मति से पारित होकर कानून बन चुका है, उसे सरकार मौजूदा लोकसभा और राज्य विधानसभा सीटों पर तुरंत लागू करे। इस मांग के साथ देशभर से महिलाएं ये कार्ड पोस्ट कर रही हैं। इसके अलावा सिग्नेचर अभियान भी चलाया जा रहा है, जिसमें महिला कांग्रेस ने राष्ट्रीय स्तर पर दस लाख महिलाओं के सिग्नेचर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजने का लक्ष्य रखा है। इस अवसर पर अलका लांबा ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं को सम्मान और अधिकार देने का कार्य किया है।
पंचायतों और नगर पालिकाओं में 33% महिला आरक्षण की व्यवस्था को उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की दूरदर्शी सोच का परिणाम बताया। उन्होंने बताया कि इस पोस्टकार्ड अभियान में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को तुरंत लागू करने की मांग के अलावा एसटी तथा एससी वर्ग की महिलाओं के साथ ओबीसी महिलाओं को भी आरक्षण देने की मांग की गई है। अलका लांबा ने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री देश की आधी आबादी की आवाज को सुनते हुए उनके सशक्तिकरण की दिशा में ठोस कदम उठाएंगे। इस मौके पर चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष नंदिता हुड्डा, राष्ट्रीय महासचिव सफिया ज़ुबेर, सचिव डॉ. साक्षी, पार्षद प्रेमलता, पूर्व डिप्टी मेयर एवं पार्षद तरुणा मेहता, अनिता शर्मा, कमलेश, कुलजीत कौर, माया देवी, ममता राणा, ओमवती, रेणु छाबड़ा , सुमन वैद आदि महिला कांग्रेस नेता भी मौजूद रहीं।

