Haryana के भिवानी में बड़ा हादसा: खनन क्षेत्र में पहाड़ खिसकने से 4 लोगों की मौत, कई लोग व गाडिय़ां मलबे में दबीं, बचाव कार्य जारी

CHANDIGARH: हरियाणा (Haryana) के भिवानी (Bhiwani) के खनन क्षेत्र डाडम में आज बड़ा हादसा हो गया। यहां एक पहाड़ खिसकने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 से 20 लोग व कई गाडिय़ां दबी हुई हैं। इस हादसे में मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है। हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज (Haryana Home Minister Anil Vij) ने बताया कि अभी तक चार लोगों की मौत हुई है। उनके शव मलबे से निकाले जा चुके हैं। प्रशासन द्वारा रेस्क्यू बचाव कार्य चलाया जा रहा है। गाजियाबाद से एनडीआरएफ की तथा मधुबन से एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई है। हिसार से आर्मी की एक यूनिट भी बुलाई गई है। 

मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक पहाड़ के मलबे में करीब 15-20 लोग और 10 गाडिय़ां दबी हैं। हरियाणा पुलिस (Haryana Police) के अनुसार अब तक सात लोगों के घायल मिलने की सूचना है। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि तीन लोगों की मौत हुई है लेकिन मैं अभी सटीक आंकड़े नहीं दे सकता। डॉक्टरों की टीम पहुंच गई है। हम ज्यादा से ज्यादा लोगों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है और पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है।

खनन में प्रयोग होने वाली पोपलैंड और अन्य कई मशीनें भी मलबे में दब गई हैं। अभी तक पहाड़ खिसकने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पहाड़ अपने आप खिसका है या फिर ब्लास्ट के कारण यह हादसा हुआ, इस बारे में कुछ भी नहीं कहा जा सकता।

हादसे पर खनन मंत्री मूलचंद शर्मा (Mulchand Sharma) ने दुख जताया है। शर्मा ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता मलबे में दबे हुए लोगों की जान बचाना है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना की जांच कराएंगे, जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर जताया दुख

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल (CM Manohar Lal Khattar) ने ट्वीट कर हादसे पर दुख जताया। CM ने कहा कि भिवानी में डाडम खनन क्षेत्र में हुए हादसे से वे दुखी हैं। वे त्वरित बचाव अभियान और घायलों को तत्काल सहायता सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हैं।

कल से ही शुरू हुआ था खनन कार्य

तोशाम क्षेत्र के खानक और डाडम में बड़े स्तर पर पहाड़ खनन कार्य होता है। प्रदूषण के चलते 2 महीने पहले खनन कार्य पर रोक लगा दी गई थी। एनजीटी ने गुरुवार को ही खनन कार्य दोबारा शुरू करने की अनुमति दी थी। एनजीटी से अनुमति मिलने के बाद कल से खनन कार्य शुरू किया गया था। 

error: Content can\\\'t be selected!!