मनोज लुबाना बने चंडीगढ़ यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष, परीक्षित राणा को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली

CHANDIGARH: चंडीगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस के नेता मनोज लुबाना ‘मौजी’ प्रदेश युवा कांग्रेस के नए अध्यक्ष चुने गए हैं, जबकि परीक्षित राणा को उपाध्यक्ष बनाया गया है। लुबाना एक गैर-राजनीतिक मध्यम वर्गीय परिवार से हैं और उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत छात्र नेता के रूप में चंडीगढ़ के खालसा कालेज से की थी। वह अपनी कड़ी मेहनत, पार्टी के प्रति प्रतिबद्धता और कभी हार न मानने वाले रवैये के कारण इस पद तक पहुंचे हैं।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता हरमेल केसरी ने बताया कि मनोज लुबाना ने किशनगढ़ के जिला परिषद सदस्य पद पर भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया है। वह वर्ष 2011 में SOPU में शामिल हुए और वर्ष 2012 में इसके अध्यक्ष बने। 2011 से 2019 तक पंजाब विश्वविद्यालय में उनका सियासी करियर लगातार बढ़ता रहा। वह 2013 में NSUI में शामिल हुए और 2019 तक उन्होंने संगठन के लिए 4 चुनाव जीतने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्हें NSUI के राष्ट्रीय समन्वयक और हरियाणा युवा कांग्रेस के सचिव के रूप में भी नियुक्त किया गया था।

केसरी ने बताया कि NSUI ने उन्हें नीरज कुंदन की अध्यक्षता में 2019 में सोशल मीडिया विभाग का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया। 2 साल की अवधि में उन्होंने इस पद पर भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। बाद में चंडीगढ़ के लोगों के लिए पद छोड़ने व काम करने का फैसला किया और चंडीगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ा।

हरमेल केसरी के मुताबिक COVID-19 महामारी की पहली लहर में मनोज लुबाना ने श्रमिकों और मजदूरों को मुफ्त भोजन व आश्रय प्रदान करने के लिए सुविधाओं की स्थापना की। COVID-19 महामारी की दूसरी लहर के दौरान भी उन्होंने जरूरतमंदों को आवश्यक दवाओं और ऑक्सीजन की आपातकालीन आपूर्ति की। उन्होंने COVID-19 के दौरान राहत कार्यों के लिए चंडीगढ़ में युवा कांग्रेस (CYC) स्वयंसेवकों के एक समर्पित समूह का समन्वय किया।

चंडीगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस का अध्यक्ष चुने जाने के बाद मनोज लुबाना ने कहा, “मुझ पर यह विश्वास दिखाने के लिए मैं वरिष्ठ नेतृत्व का आभारी हूं। मैं श्रीमती सोनिया गांधी, राहुल गांधी, श्रीनिवास बीवी, कृष्ण अल्लावरू, वैभव वालिया, पूर्व केंद्रीय मंत्री व कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष पवन कुमार बंसल और चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला का आभारी हूं। मैं विश्वास दिलाता हूं कि मैं अपने शहर की बेहतरी के लिए चौबीसों घंटे उपलब्ध रहूंगा। आगे कई चुनौतियां हैं और हमें मिलकर काम करना होगा, ताकि हम अपने शहर को देश में सर्वश्रेष्ठ बना सकें।”

error: Content can\\\'t be selected!!