चंडीगढ़ में मेयर चुनाव जनता करे, क्योंकि दिसंबर आते ही पार्षद अपनी क्रॉस वोटिंग की दुकान सजाना शुरू कर देते हैंः प्रेमलता

AAP महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष और पार्षद प्रेमलता ने किया सांसद मनीष तिवारी की घोषणा का समर्थन

CHANDIGARH, 8 JUNE: चंडीगढ़ में मेयर का कार्यकाल पांच वर्ष करने और मेयर का चुनाव सीधे जनता द्वारा कराए जाने की मांग को लेकर सांसद मनीष तिवारी ने कल एक जनसभा में घोषणा की है कि वह इसके लिए लोकसभा में प्राइवेट बिल लेकर आएंगे। इस पर अपनी प्रतिक्रिया में आज आम आदमी पार्टी ने सांसद मनीष तिवारी का समर्थन व्यक्त किया है। आम आदमी पार्टी के महिला विंग की चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष एवं पार्षद प्रेमलता ने एक बयान जारी कर कहा कि चंडीगढ़ नगर निगम के मेयर का चुनाव सीधे जनता द्वारा पांच साल के पूर्ण कार्यकाल के लिए किया जाना जरूरी है, ताकि नगर निगम की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ाई जा सके।

प्रेमलता ने कहा कि जनता द्वारा चुनाव यह सुनिश्चित करेगा कि मेयर नागरिकों के प्रति जवाबदेह हो, जिससे जनता की जरूरतों और प्राथमिकताओं के प्रति अधिक संवेदनशीलता बढ़े। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रणाली में मेयर का चुनाव पार्षदों द्वारा प्रतिवर्ष किया जाता है, जिसमें कुछ पार्षदों की भूमिका शक के घेरे में रहती है और वह पार्टी लाइन से हटकर व्यक्तिगत लाभ-हानि को देखते हुए क्रॉस वोटिंग करते हैं, जो कि जनता के साथ विश्वासघात है। ये पार्षद दिसंबर का महीना आते ही अपनी क्रॉस वोटिंग की दुकान सजानी शुरू कर देते हैं। प्रेमलता ने कहा कि इस वर्ष मेयर के चुनाव में मेरे हक में हमारी पार्टी का पूरा बहुमत होने के बावजूद कुछ पार्षदों की धोखाधडी से मेरा हार जाना इसका बहुत बड़ा उदाहरण है। इसलिए पांच साल का मेयर कार्यकाल स्थिरता प्रदान करेगा, जिससे दीर्घकालिक योजना और विकास परियोजनाओं का कार्यान्वयन संभव होगा।

प्रेमलता ने कहा कि यह दृष्टिकोण मेयर चुनाव में राजनीतिक हस्तक्षेप को भी कम करेगा, नेतृत्व में बार-बार होने वाले परिवर्तनों को घटाएगा और सुसंगत शासन को बढ़ावा देगा। जनता को अपना मेयर खुद चुनने का अधिकार देकर यह प्रक्रिया अधिक लोकतांत्रिक, पारदर्शी और चंडीगढ़ के निवासियों की आकांक्षाओं के अनुरूप होगी, जिससे अंततः अधिक प्रभावी और जवाबदेह नगर निगम प्रशासन प्राप्त होगा।

error: Content can\\\'t be selected!!