इस बार के बजट में भी मोदी सरकार ने लोगों को निराश किया, इनकम टैक्स में छूट की सीमा बढ़ाना मात्र छलावाः एचएस लक्की

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने चंडीगढ़ के बजट को लेकर भी भाजपा सांसद किरण खेर पर बोला हमला

Union Budget 2023-24 CHANDIGARH, 1 FEBRUARY: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा आज पेश किए गए 2023-24 के आम बजट को देश की जनता की आंखों में धूल झोंकने वाला और बिना भविष्यवादी दृष्टिकोण वाला बजट करार दिया है। उन्होंने इनकम टैक्स में छूट की सीमा बढ़ाए जाने को भी छलावा मात्र बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ को इस बार भी बजट में निराश किया है।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने कहा कि आज प्रत्येक वस्तु पर जीएसटी के रूप में कर लगाया जा रहा है और करों का खामियाजा प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से देश के प्रत्येक नागरिक को भुगतना पड़ रहा है। लोग पहले से ही महंगाई से त्रस्त हैं लेकिन मोदी सरकार इनकम टैक्स में छूट की सीमा 7 लाख रुपए तक बढ़ाकर लोगों को राहत देने की ढिंढोरा पीट रही है, जबकि देश में आयकर के रूप में योगदान करने वाला एक छोटा सा वर्ग है। लक्की ने कहा कि देश को रेवेन्यू देने वाला आम आदमी महंगाई तथा बेरोजगारी से जूझ रहा है। उस पर केंद्र की भाजपा सरकार टैक्सों का बोझ लगातार लादे जा रही है। उसके लिए इस बार के बजट में भी राहत की कोई गुंजाइश नहीं है। पेट्रोल, डीजल, गैस समेत तमाम जरूरी वस्तुओं के दाम जिस तरह आसमान छू रहे हैं, उन्हें नीचे लाने का इंतजाम बजट में कुछ नहीं दिख रहा है। लक्की ने कहा कि इस बार के बजट ने भी देश की जनता को बुरी तरह निराश किया है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि देश की जनता महंगाई और बेरोजगारी से निजात पाना चाहती है लेकिन न तो मोदी सरकार की नीतियों में इसका कोई समाधान दिख रहा है, न ही इस बार के बजट में इस मूल समस्या पर ध्यान दिया गया है। इस बजट में आम आदमी के लिए कुछ नहीं है। आम आदमी को दी जाने वाली राहत नाममात्र की है और आयकर का लाभ महज एक छलावा है। एचएस लक्की ने कहा कि चंडीगढ़ पर केंद्र सरकार का शासन है लेकिन अफसोस की बात है कि पहले की तरह ही इस बार के बजट में भी भाजपा सरकार से चंडीगढ़ के हाथ निराशा ही लगी है। लक्की ने कहा कि चंडीगढ़ की भाजपा सांसद किरण खेर चंडीगढ़ के विकास के साथ इस शहर की आर्थिक जरूरतों से भी मुंह फेर चुकी हैं। केंद्र में भाजपा की सरकार होते हुए भी भाजपा की ही सांसद किरण खेर चंडीगढ़ को मांग के मुताबिक पूरा पैसा तक नहीं दिलवा पा रही हैं। एक सांसद के रूप में किरण खेर की इससे ज्यादा विफलता और क्या हो सकती है। लक्की ने कहा कि भाजपा की नीतियों से तंग व परेशान हो चुकी जनता 2024 के लोकसभा चुनाव में मोदी सरकार से छुटकारा पाने का मन बना चुकी है।

error: Content can\\\'t be selected!!