पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के कार्यों को नकार कर देश को पीछे धकेलने में लगी मोदी सरकारः एचएस लक्की

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने श्रद्धापूर्वक मनाई अपने दिवंगत नेता राजीव गांधी की 78वीं जयंती, बड़ी संख्या में जुटे कांग्रेसजन

CHANDIGARH, 20 AUGUST: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने आज कांग्रेस भवन सेक्टर-35 में श्रद्धा से ओतप्रोत एक भावपूर्ण समारोह में अपने दिवंगत नेता राजीव गांधी की 78वीं जयंती मनाई। इस मौके पर जहां देश की एकता और अखंडता के लिए उनके सर्वोच्च बलिदान को याद किया गया, वहीं देश के प्रधानमंत्री के रूप में देश के विशेष रूप से युवाओं और महिलाओं के उत्थान को बढ़ावा देने में, देश में उपभोक्ता आन्दोलन खड़ा करने में, भ्रष्टाचार दूर करने के लिए असरदार कानूनों को लाने में उनके अभूतपूर्व योगदान का उल्लेख किया गया।

इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने कहा कि राजीव गांधी एक ऐसे दूरदर्शी नेता थे, जिन्होंने 21वीं सदी की चुनौतियों का सामना करने तथा देश को आगे बढ़ाने के लिए अथक प्रयास किए। स्थानीय निकाय चुनावों में महिलाओं के लिए सीटें आरक्षित करने के उनके सपने और दृड़ संकल्प के कारण ही नगर पालिका और पंचायत एक्ट में महिला आरक्षण को सुनिश्चित किया जा सका, जो न केवल भारत में बल्कि विश्वभर में एक अनूठा एवं आन्दोलनकारी कदम था। लक्की ने कहा कि राजीव गांधी ने युवाओं में वैज्ञानिक सोच विकसित की और एक नई शिक्षा नीति को देश के सामने प्रस्तुत किया, जिससे यह सुनिश्चित हो सका कि अधिक से अधिक युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिले।

कांग्रेस कार्यालय में आयोजित समारोह के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की व अन्य कांग्रेसजन।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष लक्की ने कहा कि देश में पेशेवर व व्यावसायिक कॉलेजों का तेजी से बढ़ना, जहां लाखों छात्र अच्छी और लाभकारी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं, राजीव गांधी की ही नई शिक्षा नीति का प्रत्यक्ष परिणाम है। भारत को सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अग्रणी बनाने में राजीव गांधी की भूमिका को याद करते हुए लक्की ने जहां अपने प्रिय नेता की प्रशंसा की, वहीं उन्होंने यह अफसोस भी जताया कि वाजपेयी, आडवाणी और मोदी सहित तत्कालीन भाजपा नेताओं ने देश में संचार क्रांति के बुनियादी ढांचे के विकास का विरोध करने के लिए पूरे देश में जोरदार प्रदर्शन किए थे। उस समय इन संकीर्ण विचार के नेताओं ने देश के लोगों को लगातार गुमराह किया और उनसे कंप्यूटर के उपयोग से दूर रहने तथा काम के पारंपरिक तरीकों तक ही सीमित रहने का आह्वान किया था।

लक्की ने कहा कि वर्तमान केंद्र सरकार पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी द्वारा देश के लिए किए गए कार्यों को नकार कर देश को फिर से पीछे ले जा रही है। आज की मोदी सरकार धर्म और वर्ग के आधार पर देश को बांटने में लगी है और अपनी पार्टी के संकीर्ण राजनीतिक लाभ को आगे बढ़ाने के लिए देश के बड़ी मुश्किल से बनाए सामाजिक तानेबाने को छिन्न-भिन्न करने में लगी हुई है, जो देश के लिए घातक सिद्ध हो सकता है। इस अवसर पर बोलने वाले अन्य लोगों में अच्छे लाल गौड़, भूपिंदर सिंह बड़हेरी, हरफूल चंद कल्याण, अनवर-उल-हक, डीडी जिन्दल, जी.एस. कंबोज, भजन कौर, हाकम सरहदी, बलराज सिंह, रमेश आहूजा, गुरप्रीत सिंह गाबी, जसबीर बंटी, नसीब जाखड़, जीत सिंह, मनोज गर्ग, जाहिद परवेज खान, मुकेश राय, सुरजीत ढिल्लों, दिलावर सिंह, अश्विनी कुमार, देवराज, संजय भजनी, राजकुमार शर्मा, राजू पलसौरा और जीत सिंह भी शामिल थे।

error: Content can\\\'t be selected!!