नगर निगम चुनाव परिणाम: पंचकूला में भाजपा, अम्बाला में विनोद शर्मा की पत्नी जीतीं, सोनीपत में कांग्रेस विजयी, देखें पार्षदों के नतीजे

CHANDIGARH/PANCHKULA:  पंचकूला नगर निगम चुनाव में मेयर पद पर भाजपा के कुलभूषण गोयल ने कांग्रेस उम्मीदवार उपेंद्र कौर अहलूवालिया को मात दे दी है। गोयल चुनाव जीत गए हैं। भाजपा प्रत्याशी कुलभूषण गोयल ने 2057 मतों से जीत हासिल की है, जबकि पार्षदों की 20 सीटों में से जजपा- भाजपा गठबंधन के 11 ,कांग्रेस के 7, दो आजाद उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है। अम्बाला नगर निगम के चुनाव में मेयर की सीट पर पूर्व केंद्रीय मंत्री विनोद शर्मा की धर्मपत्नी रानी शर्मा ने बाजी मार ली है। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी डॉ. वंदना शर्मा को हराया है। रानी शर्मा हरियाणा जन चेतना पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ी थीं। सोनीपत नगर निगम चुनाव में कांग्रेस के निखिल मदान मेयर बने हैं। उन्होंने भाजपा के ललित बत्रा को मात दी। वह 13 हजार 818 मतों से जीते हैं, जबकि पार्षद पद के चुनाव में 20 में से भाजपा के 10 पार्षद बने हैं। 9 पर कांग्रेस जीती है। एक पार्षद निर्दलीय जीता है।

पंचकूला में पार्षद की सीटों का हाल
पार्षद पद के उम्मीदवारों में पंचकूला के वार्ड नंबर 1 से भाजपा के नरेंद्र लुबाणा को जीत मिली है। वार्ड नंबर 2 से सुरेश वर्मा विजयी घोषित हुए हैं। वार्ड छह में कांग्रेस के पंकज पांच सौ अधिक वोटों से विजयी हो गए हैं। वार्ड नंबर 8 से भाजपा उम्मीदवार हरेंद्र मलिक को जीत हासिल हुई है। वार्ड नंबर 9 में जजपा प्रत्याशी राजेश कुमार को विजयी घोषित किया गया है, जबकि वार्ड नंबर-5 से बीजेपी के जय कौशिक ने जीत हासिल की है। वार्ड-4 से भाजपा की प्रत्याशी सोनिया सूद जीत गई हैं। उन्होंने 1200 से ज्यादा वोटों से कांग्रेस प्रत्याशी प्रियंका हुड्डा को हराया है। वार्ड 3 से भाजपा प्रत्याशी रितु गोयल जीत गई हैं। वार्ड नंबर 10 से कांग्रेस प्रत्याशी गुरमेल कौर विजयी हुई हैं। वार्ड 7 से कांग्रेस की उषा रानी विजयी रहीं।

error: Content can\\\'t be selected!!