नगर निगम चुनाव: प्रचार के अंतिम दिन कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंककर की ताबड़तोड़ रैलियां, भाजपा पर किए कड़े प्रहार

दर्जनों युवा भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल

CHANDIGARH: चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव प्रचार के आज आखरी दिन कांग्रेस नेताओं ने चंडीगढ़ के विभिन्न वार्डों में पूरी ताकत झोंककर ताबड़तोड़ रैलियां की और भाजपा पर कड़े प्रहार किए।  चंडीगढ़ नगर निगम चुनावों के लिए कांग्रेस आलाकमान द्वारा कोऑर्डिनेटर नियुक्त किए गए हिमाचल प्रदेश की सुजानपुर विधानसभा सीट से विधायक व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष राजेंद्र राणा सहित कांग्रेस के विभिन्न नेताओं ने चंडीगढ़ के अलग-अलग सेक्टरों में रैलियां करके भाजपा को सवालों के कटघरे में खड़ा किया।

अपनी रैलियों में राजेंद्र राणा ने कहा कि पिछले 6 सालों के दौरान चंडीगढ़ नगर निगम में काबिज भाजपा के खिलाफ विभिन्न मुद्दों को लेकर जनता में भारी आक्रोश है और कांग्रेस की रैलियों में उमड़ा जनसैलाब इस बात की गवाही दे रहा है कि चंडीगढ़ की जनता अब भाजपा को सबक सिखाने के पूरे मूड में है। उन्होंने कहा कि जनता का गुस्सा हमेशा सत्तारूढ़ दल के खिलाफ निकलता है क्योंकि सत्तारूढ़ दल हर मोर्चे पर नाकाम साबित हुआ है। महंगाई , किसान आंदोलन , चंडीगढ़ का स्वच्छता रैंकिंग में खिसक कर 66वें स्थान पर आ जाना और विकास कार्यों में चंडीगढ़ के लगातार पिछड़ पर चले जाने का खामियाजा भाजपा को भुगतना पड़ेगा । उन्होंने कहा चंडीगढ़ के सभी वार्डों में कांग्रेस प्रत्याशियों को जनता का भारी समर्थन देखने को मिल रहा है जबकि वोट मांगने जा रहे भाजपा नेता जनता का आक्रोश देख कर पहले से ही सदमे की हालत में जा रहे हैं।

उन्होंने कहा आज भी भाजपा नेता इस सवाल का जवाब नहीं दे पा रहे कि पिछले 6 सालों के दौरान भाजपा शासित चंडीगढ़ नगर निगम क्षेत्र में पानी और सीवरेज के बिल तीन गुणा करने का कारनामा किसने किया था और चंडीगढ़ को स्वच्छता के मामले में हाशिए पर धकेल देने की जिम्मेदारी लेने से भाजपा क्यों कतरा रही है। राजेंद्र राणा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता हाल ही के उपचुनाव में चारों सीटों पर भाजपा को आईन दिखा चुकी है और अब चंडीगढ़ की बारी है। 

उन्होंने कहा कि दिल्ली से आए नेता यहां की जनता को अपनी सरकार का दिल्ली मॉडल समझाने में नाकाम रहे हैं क्योंकि यहां की जागरूक जनता भलीभांति यह समझ गई है कि दिल्ली सरकार विभिन्न मोर्चों पर बुरी तरह नाकाम रही है। उन्होंने कहा दिल्ली के नेताओं की चंडीगढ़ में दाल गलने वाली नहीं है।

चंडीगढ़ के सेक्टर 37 में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हिमाचल एकता वेलफेयर सोसाइटी के दर्जनों युवाओं ने भाजपा छोड़ कांग्रेस पार्टी का दामन थामा।

error: Content can\\\'t be selected!!