भाजयुमो ने किया जमकर विरोध प्रदर्शन
CHANDIGARH, 18 APRIL: भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की ओर से आज कांग्रेस पार्टी के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन सेक्टर-33 स्थित चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा कार्यालय से शुरू होकर सेक्टर-35 स्थित चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कार्यालय तक किया जाना था तथा कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने की योजना थी लेकिन बीच रास्ते में पुलिस ने वाटर कैनन से पानी की बौछारें करके भाजपा व भाजयुमो कार्यकर्ताओं को रोक लिया। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारे लगाए, राहुल गांधी का पुतला फूंका और कांग्रेस के खिलाफ अपना आक्रोश जाहिर किया। इस मौके पर भारतीय जनता युवा मोर्चा और भारतीय जनता पार्टी की पूरी लीडरशिप मौजूद रही।
इस प्रदर्शन की घोषणा भारतीय जनता पार्टी द्वारा पहले ही कर दी गई थी। एक प्रेस वार्ता में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने नेशनल हेराल्ड घोटाले को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला था। उन्होंने आरोप लगाया कि गांधी परिवार ने स्वतंत्रता संग्राम की विरासत को निजी संपत्ति में बदल दिया है। उन्होंने बताया कि ‘यंग इंडियन’ नामक कंपनी, जिसमें सोनिया गांधी और राहुल गांधी की 38-38% हिस्सेदारी है, को सिर्फ ₹50 लाख में ₹90 करोड़ का लोन ट्रांसफर किया गया। इस घोटाले के जरिए दिल्ली, मुंबई, लखनऊ, भोपाल और पटना समेत देशभर में फैली नेशनल हेराल्ड की संपत्तियों पर कब्जा किया गया।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस ने यंग इंडियन को एक चैरिटेबल संस्था बताया, लेकिन आज तक उसका कोई चैरिटेबल कार्य सामने नहीं आया। प्रवर्तन निदेशालय ने इस मामले की गहन जांच की है और सोनिया गांधी व राहुल गांधी इस समय जमानत पर हैं। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि गांधी परिवार को कानून के कटघरे में खड़ा किया जाए। भाजपा का हर कार्यकर्ता देश की जनता को सच्चाई से अवगत कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रभारी रमेश साहौर ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और वे अब भ्रष्टाचार के खिलाफ चुप नहीं बैठेंगे। यह आंदोलन युवा शक्ति की निर्णायक भूमिका को दर्शाता है।उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस द्वारा ED जैसी संस्थाओं को धमकाने वाली भाषा न्यायिक प्रक्रिया का सीधा अपमान है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। भारतीय जनता युवा मोर्चा का यह प्रदर्शन कांग्रेस के भ्रष्टाचार के खिलाफ जनआक्रोश का प्रतीक है। भाजपा ने स्पष्ट किया कि वह देशहित और जनहित के मुद्दों पर संघर्षरत रहेगी और किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार को बेनकाब करती रहेगी।

