महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने चंडीगढ़ मेयर चुनाव समेत कई मुद्दों पर भाजपा को घेरा

मोदी सरकार, समृति ईरानी और सांसद किरण खेर पर भी साधा निशाना

CHANDIGARH, 7 FEBRUARY: चंडीगढ़ के मेयर चुनाव को लेकर पैदा हुए विवाद के बीच शहर का सियासी पारा इन दिनों चढ़ा हुआ है। इसी कड़ी में आज ऑल इंडिया महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लाम्बा भी चंडीगढ़ आईं। सेक्टर-35 स्थित कांग्रेस भवन में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान उन्होंने सत्ता पक्ष भाजपा को चंडीगढ़ मेयर चुनाव समेत राष्ट्रीय, अंतराष्ट्रीय और स्थानीय मुद्दों पर जमकर घेरा। उनके साथ चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपा दुबे, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष एचएस लक्की और पार्षद गुरप्रीत सिंह गाबी भी उपस्थित थे।अलका लाम्बा ने चंडीगढ़ के मेयर चुनाव को लेकर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी की सराहना की।

उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार, सांसद समृति ईरानी और यहां तक कि चंडीगढ़ मेयर चुनाव के प्रसंग को लेकर सांसद किरण खेर पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव को देखते हुए दिल्ली में बंद कमरे में भाजपा नेताओं की एक बैठक होने जा रही है, जिसमें फैसला किया जाएगा कि देश का मुख्य चुनाव आयुक्त कौन होगा ? उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी सांसदों को सस्पेंड करने के बाद संसद में एक बिल पास किया गया कि मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयोग के सदस्यों की नियुक्ति में मुख्य न्यायाधीश की कोई भूमिका नहीं होगी। अलका लांबा ने कहा कि इससे साफ जाहिर है कि भाजपा देश के लोकतांत्रिक सिस्टम को हाइजैक करना चाहती है, जो कि चंडीगढ़ के मेयर चुनाव में भी स्पष्ट हो गया है।

अलका लांबा मेयर चुनाव में सांसद किरण खेर के रवैये पर भी सवाल उठाए कि वह किस घमंड से भाजपा उम्मीदवार को मेयर की कुर्सी पर बिठा रही थीं। उन्होंने खेर के अलावा केंद्रीय मंत्री समृति ईरानी को भी घेरा और कहा कि वह साक्षी मलिक और चंडीगढ़ मेयर चुनाव के घटनाक्रम पर चुप क्यों हैं? केंद्रीय मंत्री ईरानी को देश से माफी मांगनी चाहिए। पत्रकार वार्ता में लाम्बा ने एक पोस्टर भी दिखाया, जिसमें उन सांसदों और विधायकों के प्रधानमंत्री मोदी के साथ चित्र थे, जिन पर संगीन आरोप हैं। उन्होंने भाजपा के बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान पर भी सवाल उठाया और कहा कि दिखाने के लिए 33 प्रतिशत महिलाओं के आरक्षण का बिल तो पारित करवा दिया गया लेकिन इसे लागू नहीं करवाया गया। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में कांग्रेस केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ बड़ा अभियान चलाएगी। केंद्रीय बजट में 80 प्रतिशत मुफ्त का राशन बांटने के प्रावधान पर अलका लांबा ने सवाल उठाया कि क्या यही है देश को आत्मनिर्भर बनाने की नीति ? उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ- बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाले प्रधानमंत्री मोदी मणिपुर जाने की जहमत नहीं उठाते। भाजपा की नेत्रियां इस पर चुप क्यों हैं ?

लोकसभा चुनाव में चंडीगढ़ संसदीय सीट पर कांग्रेस या AAP का उम्मीदवार उतारे जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि गठबंधन की बातचीत जारी है, स्क्रीनिंग होने वाली है। उन्होंने कहा कि इस मामले में पंजाब, चंडीगढ़ और दिल्ली के मसले अलग रखे जाने चाहिए। गठबंधन मजबूती से चुनाव लड़ेगा लेकिन किसको कितनी सीट कहां मिलेंगी, ये आने वाले दिनों में तय हो जाएगा और गठबंधन के तहत कांग्रेस व AAP चुनाव में एक-दूसरे को ताकत तथा सहयोग प्रदान करेंगे। उन्होंने भरोसा जताया कि लोकसभा चुनाव में महिला उम्मीदवारों की संख्या भी बढ़ेगी।

नारी न्याय अभियान पोस्टर तक सिमित नहीं: दीपा दुबे
इस अवसर पर चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपा दुबे ने नारी न्याय अभियान के बारे में बताया कि ये अभियान केवल पोस्टर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि ये यात्रा पूरे चंडीगढ़ में घर-घर तक की जाएगी। उन्होंने संसद में पेश की गई चंडीगढ़ की 3679 महिलाओं के लापता होने की रिपोर्ट को आधार बनाते हुए कहा कि महिला कांग्रेस चंडीगढ़ में घर-घर जाकर इन सभी महिलाओं के बारे में पता करेगी।

प्रशासन फर्जी मेयर को हटाए: एचएस लक्की
इस मौके पर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने कहा कि चंडीगढ़ प्रशासन को तत्काल मौजूदा फर्जी मेयर को हटा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस तरह से भाजपा के मनोज सोनकर द्वारा मेयर के दफ्तर और सरकारी गाड़ी का इस्तेमाल हो रहा है और बड़े अफसरों से मिला जा रहा है, प्रोग्रामों में जाया जा रहा है, उन्हें बुके दिए जा रहे हैं, उसे देखते हुए अगर भाजपा में थोड़ी सी भी नैतिकता और शर्म बची है तो मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर को तुरंत हटा देना चाहिए।

error: Content can\\\'t be selected!!