चंडीगढ़ में लौटेगी रात की रौनक, बार-रेस्टोरेंट 10 बजे तक खोलने की अनुमति, दुकानों का समय भी एक घंटा बढ़ा, जानिए पंजाब-हरियाणा के भी ताजा फैसले

CHANDIGARH: कोरोना के चलते बेरौनक हुई चंडीगढ़ की रातें अब फिर गुलजार हो सकेंगी। शहर में कोरोना के ताजा हालात की समीक्षा के लिए आज हुई चंडीगढ़ प्रशासन की कोविड-19 वार रूम की मीटिंग में चंडीगढ़ में नाइट कर्फ़्यू का समय घटा दिया गया। अब शहर में नाइट कर्फ्यू रात 10.30 से सुबह 5 बजे तक होगा।

चंडीगढ़ के प्रशासक वीपी सिंह बदनौर की अध्यक्षता में हुई इस मीटिंग में फैसला किया गया कि बार तथा रेस्तरां 50 फीसदी क्षमता के साथ सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक खुल सकेंगे लेकिन बाजारों में सभी दुकानें सुबह 10 से शाम 7 बजे तक खुलेंगी। अभी तक दुकानें शाम 6 बजे तक खोलने की अनुमति थी। रविवार को कर्फ्यू रखना है या नहीं, इस पर फ़ैसला प्रशासन बाद में लेगा।

उधर, पंजाब सरकार ने भी राज्य में जिम, सिनेमा और रेस्तरां 50 फ़ीसदी क्षमता के साथ खोलने की अनुमति दे दी है। विवाह पार्टी और संस्कार में शामिल होने की संख्या 50 तक कर दी गई है। पंजाब में नाइट कर्फ्यू रात 8 से सुबह 5 बजे तक रहेगा। वीकेंड कर्फ्यू शनिवार रात 8 बजे से सोमवार सुबह 5 बजे तक होगा। पंजाब में सभी शिक्षण संस्थान व स्कूल फिलहाल बंद ही रहेंगे। हरियाणा सरकार ने भी राज्य के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों को विद्यार्थियों के लिए 30 जून तक बंद रखने का निर्णय लिया है।

error: Content can\\\'t be selected!!