प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की की याचिका पर हाईकोर्ट ने देर रात की सुनवाई, पढ़ें पूरी खबर
Neeraj Adhikari
CHANDIGARH, 16 JANUARY: चंडीगढ़ के मेयर चुनाव में मंगलवार को कांग्रेस उम्मीदवार जसबीर सिंह बंटी के कथित अपहरण की कोशिश और उन्हें उनके घर में हाउस अरेस्ट के माहौल में रखे जाने के खिलाफ आज देर रात में ही चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटा दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए हाईकोर्ट के जस्टिस आलोक जैन ने देर रात को ही अपने घर पर कोर्ट लगाकर मामले की सुनवाई की और चंडीगढ़ पुलिस को नोटिस जारी कर जवाब तलब कर लिया है। अब इस मामले की सुनवाई कल यानी बुधवार 17 जनवरी को शाम पांच बजे निर्धारित की गई है।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने बताया कि उनकी ओर से चंडीगढ़ यूटी पुलिस के खिलाफ हाईकोर्ट में दायर की गई याचिका में जसबीर सिंह बंटी को तुरंत चंदीगढ़ पुलिस की कथित अवैध हिरासत से रिहा किए जाने और उन्हें चंडीगढ़ पुलिस के पहरे से मुक्त किए जाने की मांग की गई है। लक्की का कहना है कि जसबीर सिंह बंटी ने जब कोई अपराध नहीं किया है और उनके खिलाफ कोई शिकायत भी नहीं है तो चंडीगढ़ पुलिस ने बंटी को उनके अटावा स्थित घर में हाउस अरेस्ट जैसी परिस्थितियों में क्यों रखा हुआ है। उन्हें कांग्रेसजनों से क्यों नहीं मिलने दिया जा रहा है।

बता दें कि इंडिया गठबंधन के तहत आम आदमी पार्टी से समझौता हो जाने के बाद कांग्रेस प्रत्याशी जसबीर सिंह बंटी ने मेयर पद से कल अपना नामांकन वापस ले लिया था लेकिन इस प्रक्रिया में कुछ खामियां बताए जाने के बाद बंटी आज दोपहर को चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की और अन्य कांग्रेस नेताओं के साथ दोबारा नामांकन वापस लेने के लिए सेक्टर-17 स्थित नगर निगम सचिव के कार्यालय में पहुंचे लेकिन सचिव नहीं मिले। वे सचिव का इंतजार करने लगे। आरोप है कि इसी बीच कुछ भाजपाई भी वहां पहुंच गए और बंटी को किडनैप कर ले जाने की कोशिश की। इस दौरान चंडीगढ़ और पंजाब पुलिस भी आमने- सामने आ गई। बाद में भारी हंगामे के बीच जसबीर सिंह बंटी को पंजाब पुलिस की सुरक्षा में उनके घर ले जाया गया लेकिन आरोप है कि घर पहुंचने के बाद चंडीगढ़ पुलिस ने बंटी के घर के बाहर डेरा डाल दिया और कथित रूप से बंटी के हाउस अरेस्ट की स्थिति बना दी। बंटी से किसी भी कांग्रेस नेता को मिलने नहीं दिया जा रहा है। अब सबकी नजर कल हाईकोर्ट में होने वाली सुनवाई पर लगी है।

