अब असंतुष्ट कांग्रेसियों की मान-मनौव्वल में जुटे नए प्रदेश अध्यक्ष: बबला और लक्की को मनाने उनके घर पहुंचे सुभाष चावला

CHANDIGARH: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन के बाद पनपे भारी असंतोष को खत्म करने के लिए अब नए प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चावला ने खुद प्रयास शुरू कर दिए हैं। नाराज पार्टी नेताओं की मान-मनौव्वल की शुरुआत चावला ने नगर निगम में विपक्ष के नेता देविंदर सिंह बबला और पूर्व डिप्टी मेयर एचएस लक्की से की है। चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला आज शाम देविंदर सिंह बबला व एचएस लक्की के घर पहुंचे और दोनों नेताओं से अलग-अलग लंबी बातचीत की।

प्रदेश अध्यक्ष पद के दावेदार थे बबला व लक्की
गौरतलब है कि पार्षद एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता देविंदर सिंह बबला चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए सबसे प्रबल दावेदार थे, जबकि पूर्व डिप्टी मेयर एचएस लक्की भी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के लिए अपनी दावेदारी जता रहे थे। दोनों ने तत्कालीन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा के खिलाफ मोर्चा खोल रखा था। पूर्व मेयर एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुभाष चावला भी उनका समर्थन कर रहे थे लेकिन अब जब चावला को ही चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बना दिया गया तो बबला और लक्की नाराज हो गए। दोनों नेताओं ने पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन बंसल के समक्ष भी अपनी नाराजगी खुलकर जताई थी लेकिन बंसल ने उन्हें सांत्वना देने के बजाय उन्हें एकजुटता का पाठ पढ़ा दिया था। हालांकि इसके बाद भी बबला और लक्की ने अब तक सुभाष चावला को प्रदेश अध्यक्ष बनने की औपचारिक बधाई तक नहीं दी थी।

इस तरह की चावला ने बबला व लक्की को मनाने की कोशिश
बबला और लक्की को पार्टी में कद्दावर नेता माना जाता है। ऐसे में नए अध्यक्ष सुभाष चावला ने उनकी नाराजगी को पहले दूर करना जरूरी समझा। लिहाजा, आज शाम को चावला बबला और लक्की के घर जा पहुंचे। इस दौरान बबला और लक्की से चावला की लंबी बातचीत हुई। चावला ने दोनों वरिष्ठ नेताओं से गिले-शिकवे दूर कर चंडीगढ़ में कांग्रेस को मजबूत करने के लिए पहले की तरह जुटने का आग्रह किया, ताकि नगर निगम चुनाव-2021 में भाजपा की विजय यात्रा को रोकने का पार्टी का पहला लक्ष्य हासिल किया जा सके। चावला ने कहा कि नगर निगम चुनाव-2021 में चंडीगढ़ के लोगों को कांग्रेस से बड़ी उम्मीदें हैं। पार्टी को पहले इस पर खरा उतरना है। कांग्रेस से लोगों की उम्मीदें न टूटें, इसलिए यह समय एकजुट होने का है। इस मौके पर लक्की ने चावला को बुके भेंटकर उनका स्वागत किया। जिस समय चावला लक्की से मिलने पहुंचे, उस समय लक्की सेक्टर-8 के मंदिर कमेटी की मीटिंग में थे। ऐसे में लक्की ने सुभाष चावला को पहले मंदिर में ही बुला लिया। यहां भी उनका स्वागत किया गया। इसके बाद लक्की के घर में हुई मीटिंग में जिला कांग्रेस अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह गाबी, ब्लॉक अध्यक्ष ईश शर्मा, भूपिंदर भूपी, नरिदर नंदी, प्रो. मान समेत कई अन्य कांग्रेसजन भी मौजूद थे। चावला की मान-मनौव्वल की यह कोशिशें कितनी सिरे चढ़ी हैं, यह अब आने वाला वक्त बताएगा। फिलहाल, पार्टी के भीतर का असंतोष चावला को परेशान जरूर किए हुए है। खास बात यह है कि इस मीटिंग के बाद भी बबला के चेहरे पर नाराजगी साफ दिख रही थी।

error: Content can\\\'t be selected!!