प्रॉपर्टी टैक्स व कलेक्टर रेट में वृद्धि के खिलाफ अब महिलाओं ने भरी हुंकार

पूनम शर्मा व अनीता जोशी ने कहा- प्रशासन ने फैसला वापस नहीं लिया तो महिलाएं चूल्हा-चौका छोड़कर सड़क पर उतरने को तैयार

CHANDIGARH, 17 APRIL: चंडीगढ़ में प्रॉपर्टी टैक्स तीन गुना बढ़ाने एवं कलेक्टर रेट कई गुणा बढ़ाने के प्रस्ताव को लेकर हार्मनी होम्स रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन सेक्टर-35 की प्रधान अनीता जोशी के आवास पर आज एक बैठक हुई। इसमें चंडीगढ़ की पूर्व मेयर एवं करॉफड की कानूनी सलाहकार तथा हार्मनी होम्स रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन की चेयरपर्सन पूनम शर्मा ने कड़ा रोष व्यक्त करते हुए कहा कि चंडीगढ़ में तैनात होने वाले लगभग सभी प्रशासनिक अधिकारी शहरवासियों के प्रति अपनी संवेदनाएं चंडीगढ़ के बॉर्डर के बाहर ही छोड़कर आ जाते हैं।

पूनम शर्मा ने कहा कि चंडीगढ़वासियों पर चार गुना प्रापर्टी टैक्स का हम पुरजोर विरोध करते हैं और इसे किसी भी कीमत पर लागू नहीं होने देंगे। शहर की लगभग 90 से ज्यादा संस्थाएं, जो करॉफड से जुड़ी हैं, इस प्रस्ताव का विरोध करने के लिए सड़कों उतरने के लिए तैयार हैं। पूनम शर्मा ने चंडीगढ़ के चीफ सेक्रेटरी एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारियों से अपील की है कि 48 घंटे में यदि यह प्रस्ताव वापस नहीं लिए गए तो वह उनके कार्यालय पहुंचकर आपत्ति दर्ज कराएंगी।

पूनम शर्मा ने कहा कि चंडीगढ़ में अधिकतर लोग वह हैं, जिन्होंने सारी उम्र नौकरी करके अपनी कुल जमा पूंजी लगाकर घर बनाया है। पेंशनधारियों पर चार गुना प्रॉपर्टी टैक्स का बोझ उन्हें जिंदा रहते खत्म करने की तैयारी है‌। यदि प्रशासन ने अपने इस तुगलकी फरमान को वापस नहीं लिया तो लोग भूख हड़ताल से जन आंदोलन तक करने के लिए तैयार हैं।

अनीता जोशी ने कहा कि टैक्स में वृद्धि वापस नहीं ली गई तो शहर का यह पहला ऐसा विरोध होगा, जिसमें अधिकतर महिलाएं होंगी। जोशी ने प्रशासन से अनुरोध किया कि इस दिशा में जल्दी से जल्दी सकारात्मक कदम उठाएं, नहीं तो मजबूरन चौका-चूल्हा करने वाली महिलाएं सड़क पर उतरकर अपनी ताकत का परिचय देंगी। इस बैठक में विशेष तौर पर करॉफड के अध्यक्ष हितेश पुरी, राजेश राय, केएल सचदेवा, अनीश गर्ग, रजत मल्होत्रा, उमेश घई, आरएल गोयल, विंग कमांडर एनएस मल्ही, सुदर्शन पराशर, सोनम वर्मा, रंजना अग्रवाल, मीनाक्षी जुनेजा, सौरभ सेठ, सुप्रिया गोयल आदि ने भाग लिया।

error: Content can\\\'t be selected!!