पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 32वीं पुण्यतिथि पर 21 मई को सुखना झील पर श्रमदान करेगी चंडीगढ़ कांग्रेस

CHANDIGARH, 19 MAY: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 32वीं पुण्यतिथि के अवसर पर 21 मई को सुबह 8 बजे से 10 बजे तक चण्डीगढ़ की गौरव सुखना झील के आसपास के क्षेत्र में सफाई व्यवस्था बनाए रखने में अपना श्रमदान देगी। इस दौरान चण्डीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की समेत चंडीगढ़ कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता सुखना लेक पर काम कर रहे सफाई कर्मचारियों को अपना सहयोग देते हुए वहां की सफाई व्यवस्था चाक चौबन्द करने में अपना योगदान देंगे।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता राजीव शर्मा ने आज यहां जारी एक बयान में सुखना लेक और आसपास के क्षेत्रों को साफ रखने के लिए सफाई कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए मांग की कि शहर को साफ-सुथरा और सही मायने में सिटी ब्यूटीफुल बनाए रखने के लिए अथक प्रयास करने वाले सफ़ाई सेवकों को नागरिक संस्थाओं और प्रशासन दोनों द्वारा उचित सम्मान दिया जाना चाहिए।

पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी द्वारा किए गए पथप्रदर्शक कार्यों जैसे कि समाज के कमजोर वर्गों, महिलाओं और युवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में कानून बनाने, पंचायती राज संस्थाओं को मजबूत करने एवं सत्ता के विकेंद्रीकरण के लिए ठोस प्रयास करने के लिए उनकी प्रशंसा करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता ने लोगों से जमीनी स्तर पर भारत के लोकतंत्र की जड़ें मजबूत करने के लिए आगे आकर काम करने का आग्रह किया।

error: Content can\\\'t be selected!!