चंडीगढ़ में पेट्रोल की कीमत ने लगाया शतकः कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर बोला हमला, अब क्यों नहीं प्रदर्शन कर रहे भाजपाई ?

CHANDIGARH: चंडीगढ़ में आज पेट्रोल की कीमत ने शतक लगा दिया। यहां पेट्रोल के दाम 100 रुपए प्रति लीटर हो गए। इसको लेकर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र की मोदी सरकार पर जोरदार हमला बोलते हुए चंडीगढ़ के भाजपा नेताओं को आड़े हाथ लिया। प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता हरमेल केसरी ने कहा कि आज चंडीगढ़ भाजपा के वह सभी नेता कहां हैं, जो कांग्रेस के शासन में पेट्रोल के दाम 70 रूपए प्रति लीटर से बढ़कर 71 रूपए प्रति लीटर हो जाता था तो साइकिल और घोड़ा गाड़ी पर प्रदर्शन करने निकल पड़ते थे। हरमेल केसरी ने भाजपा के पूर्व चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन की एक पुरानी फोटो भी भेजी, जिसमें वह अपने साथियों के साथ मिलकर कांग्रेस की सरकार के खिलाफ पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। हरमेल केसरी ने चंडीगढ़ भाजपा के नेताओं पर कटाक्ष करते हुए पूछा कि अब आप पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कीमतों के खिलाफ धरना-प्रदर्शन क्यों नहीं कर रहे हैं?

कांग्रेस प्रवक्ता हरमेल केसरी ने कहा कि भारत सरकार ने पिछले 7 वर्षों में पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क के रूप में कुल मिलाकर 24 लाख करोड़ वसूला है। केसरी ने बताया कि जब मनमोहन सिंह की संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की सरकार देश में थी तब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें 144 डालर प्रति बैरल थी, फिर भी मनमोहन सिंह की सरकार ने देश में पेट्रोल की कीमतें 75 रूपए प्रति लीटर से ज्यादा नहीं होने दीं।

उन्होंने बताया कि आज जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की क़ीमत 75 डालर प्रति बैरल है परंतु फिर देश में पेट्रोल 100 रूपए प्रति लीटर मिल रहा है। इस समय अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल कीमतों को देखते हुए इस समय पेट्रोल की कीमत देश में 45 रूपए प्रति लीटर होनी चाहिए। भाजपा की मोदी सरकार द्वारा पेट्रोल, डीजल पर टैक्स लगा कर देश के लोगों को लूटने का काम जारी है।

चंडीगढ़ युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष संदीप कुमार ने भी भाजपा पर कटाक्ष करते हुए आज क्रिकेट में शतक होने पर जिस तरह सेलिब्रेट किया जाता है, आज उसी तरह चंडीगढ़ में भी पेट्रोल के दाम 100 रूपए प्रति लीटर पार होने पर सेलिब्रेट किया और मोदी सरकार पर तंज कसा।

error: Content can\\\'t be selected!!