बड़ी संख्या में पहुंचे कारीगरों ने कराया अपना पंजीकरण, जोशी ने चंडीगढ़ मजदूर सेना का आभार जताया
CHANDIGARH, 17 APRIL: उद्योग विभाग यूटी चंडीगढ़ ने नगर निगम पार्षद सौरभ जोशी के सहयोग से आज सेक्टर-15 के सामुदायिक केंद्र में पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत पंजीकरण कैंप का आयोजन किया। इसका उद्देश्य योजना की पहुंच को बढ़ाना और संघ राज्य क्षेत्र में व्यापक सामुदायिक भागीदारी को प्रोत्साहित करना था।

कैंप के दौरान पारंपरिक कारीगरों जैसे माला बनाने वाले, धातु कारीगर, मोची, माटी के बर्तन बनाने वाले और हथौड़ा व औजार बनाने वाले सैकड़ों कारीगरों ने पंजीकरण कराया, जो योजना के उद्देश्यों में समुदाय की मजबूत भागीदारी को दर्शाता है। इस अवसर पर उद्योग विभाग यूटी चंडीगढ़ के निदेशक पवित्र सिंह मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहे। उन्होंने क्षेत्रीय पार्षद सौरभ जोशी के साथ मिलकर कारीगरों से बातचीत की और उनके कौशल विकास तथ पंजीकरण में मदद के लिए मार्गदर्शन और प्रोत्साहन दिया।

ग्राउंड लेवल पर इस पहल की अहमियत को रेखांकित करते हुए पार्षद सौरभ जोशी ने कैंप में लाभार्थियों को एकत्रित करने में चंडीगढ़ मजदूर सेना को महत्वपूर्ण योगदान के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कली राम, मदन मंडल, चरण सिंह, ज्ञानवती, दर्शन सिंह, तारा देवी और सेना के अन्य सदस्यों के प्रयासों के लिए विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने यशपाल जिंदल, चरणजीत सिंह, विनय सचदेवा, दौलत शर्मा, सुरेश कटोच, श्रीनिवास और राजा को भी धन्यवाद दिया, जिन्होंने इस कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान दिया। जोशी ने कहा कि चंडीगढ़ में पीएम विश्वकर्मा योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए मजबूत सामुदायिक भागीदारी अहम है।
इस कैंप में उद्योग विभाग के अधिकारी योजना के बारे में जागरूकता फैलाने, पंजीकरण प्रक्रिया में सहायता करने और प्रतिभागियों के प्रश्नों का समाधान करने के लिए उपस्थित थे। विभाग ने पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत कारीगरों और कुशल श्रमिकों को प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता और औपचारिक एकीकरण के माध्यम से सशक्त बनाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया। साथ ही पारंपरिक कारीगरी और आजीविका को संरक्षित करने के लिए भी काम किया।

