अबोहर पहुंचे प्रदीप छाबड़ा, AAP के उम्मीदवार कुलदीप कम्बोज के समर्थन में रैली को किया संबोधित

कहा- सिर्फ अरविंद केजरीवाल का मॉडल ही पंजाब को दिला सकता है नशा, बेरोजगारी व भ्रष्टाचार से मुक्ति

ABOHAR (PUNJAB): आम आदमी पार्टी (AAP) के उम्मीदवारों के पक्ष में चुनाव प्रचार के लिए पंजाब में उतरे AAP के सह प्रभारी एवं चंडीगढ़ के पूर्व मेयर प्रदीप छाबड़ा आज अबोहर विधानसभा क्षेत्र में पहुंचे तथा यहां AAP के उम्मीदवार कुलदीप कम्बोज के समर्थन में आयोजित रैली को संबोधित किया। इस दौरान प्रदीप छाबड़ा के साथ हरजिन्दर सिंह बावा, कुलदीप सिंह कुक्की, शादाब राठी, सुखा बेदवान समेत चंडीगढ़ के कई AAP नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे। छाबडा़ के अलावा रैली को दिल्ली के AAP विधायक शिवचरण गोयल ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर सुनील जाखड़ के करीबी विज परिवार ने प्रदीप छाबड़ा की मौजूदगी में कांग्रेस को छोड़कर आम आदमी पार्टी का दामन थामा।

इस मौके पर AAP के सह प्रभारी एवं चंडीगढ़ के पूर्व मेयर प्रदीप छाबड़ा ने कहा कि पंजाब में इस बार आम आदमी पार्टी की लहर दौड़ पड़ी है। कांग्रेस व भाजपा, अकाली दल से लोग तंग आ चुके हैं। अब लोग बदलाव चाहते हैं। इसकी शुरुआत दिसंबर में चंडीगढ़ के नगर निगम चुनाव से हो चुकी है, जिसमें चंडीगढ़ के लोगों ने स्पष्ट रूप से जनादेश आम आदमी पार्टी के पक्ष में सुनाया था लेकिन सत्ता के लालचियों ने षड्यंत्र करके लोकतंत्र का गला घोंट दिया। जनादेश की खुलेआम अवमानना की।

छाबड़ा ने कहा कि पंजाब ने चंडीगढ़ से सबक ले लिया है। पंजाब के लोग अब सत्ता की लालची कांग्रेसी, भाजपा व अकाली दल को इस तरह का मौका ही नहीं देंगे कि वह चुनाव बाद कोई षड्यंत्र कर पाएं। पंजाब के लोग आम आदमी पार्टी को प्रचंड बहुमत से पंजाब विधानसभा में भेजने के लिए तैयार बैठे हैं। पंजाब इस बार सत्ता के लालचियों को घर बैठा देगा तथा आम आदमी पार्टी को सेवा का मौका देगा। प्रदीप छाबड़ा ने कहा कि लोग आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की नीतियों से बेहद प्रभावित हैं और उन्हें विश्वास है कि सिर्फ अरविंद केजरीवाल का मॉडल ही पंजाब को नशा, बेरोजगारी व भ्रष्टाचार से मुक्ति दिला सकता है।

error: Content can\\\'t be selected!!