लोकसभा चुनावों में प्रधानमंत्री मोदी की गारंटियां विपक्ष पर पड़ेंगी भारी: संजय टंडन

कहा- देशभर में इतिहास रचेगी भाजपा

CHANDIGARH, 8 FEBRUARY: चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एवं हिमाचल प्रदेश भाजपा के सह-प्रभारी संजय टंडन ने आज चंडीगढ़ की सुखना झील पर एक चैनल द्वारा आयोजित कार्यक्रम के विशेष साक्षात्कार में भाजपा का पक्ष रखा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की `गारंटियों’ को देश का भरोसा बताया। संजय टंडन ने कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा न केवल चंडीगढ़ बल्कि सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। क्योंकि इसका आधार वर्ष 2014 से भाजपा के सुशासन में देश की द्रुत विकास यात्रा, पारदर्शिता, निष्पक्षता, विश्वास और विभिन्न राज्यों के विभिन्न वर्गों के अंतिम कतार के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियां हैं।

भाजपा नेता संजय टंडन ने पंजाब बारे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पंजाबियों के हित में वे अनेक ऐतिहासिक कार्य किए, जो पहले कभी सोचे भी नहीं गए। भाजपा के सुशासन में पंजाब के मोहाली के न्यू चंडीगढ़ में होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं रिसर्च सेंटर की सौगात, गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व को देश व विदेश में धूमधाम से मनाना, 26 दिसंबर को श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के पुत्रों बाबा जोरावर सिंह जी और बाबा फतेह सिंह जी की शहादत को `वीर बाल दिवस’ के रूप में मनाना या करतारपुर कॉरिडोर खोलना हो, प्रधानमंत्री मोदी ने पंजाब को सदैव अग्रणी रखा है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष जनहित कार्यों के आधार पर ही जन-जन को साथ लेकर चलने वाली भाजपा पंजाब में सभी 13 सीटों पर जीत दर्ज कर इतिहास रचेगी।

भाजपा नेता संजय टंडन ने कहा कि सर्वे रिपोर्ट के अनुसार हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीटें `एनडीए’ को मिलती दिख रही हैं। यह हरियाणा में मोदी@मंदिर-मनोहर के नारे और प्रदेश वासियों के भरोसे का असर है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पर बीते 10 वर्ष में भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा है। भाजपा प्रदेश के हर जिले में मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का निर्माण कर रही है। ऐसा होने से हरियाणा में हर साल 3500 युवा डॉक्टर बन सकेंगे।

भाजपा नेता संजय टंडन ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार ने महिलाओं के बैंक खातों में 1500 रुपए आने का वादा किया लेकिन एक पैसा नहीं आया। कांग्रेस सरकार की अपने ही शासन में 2 रुपए किलो गोबर उठाने की योजना भी धराशाई हो गई। इससे स्पष्ट है कि सुक्खू सरकार अब `दुक्खू सरकार’ बन चुकी है. जबकि भाजपा की केंद्र सरकार ने प्राकृतिक आपदा के समय हिमाचल प्रदेश को 633.73 करोड़ रुपए की अतिरिक्त वित्तीय मदद को मंजूरी दी।

भाजपा नेता संजय टंडन ने कहा कि कांग्रेस राज में जम्मू-कश्मीर में रोजाना पत्थरबाजी की घटनाएं आम थी। लेकिन आज ऐसी एक घटना नहीं है। वहीं धारा-370 खत्म करने पर कांग्रेस व अन्य राजनीतिक दलों ने चीख-चीख कर खून की नदियां बहने के दावे किए। जबकि भाजपा के सुशासन की ही मजबूती है कि खून बहना तो दूर की बात कोई परिंदा भी पर नहीं मार सका। संजय टंडन ने कहा कि देश में सुशासन की नींव पहले से कहीं अधिक मजबूत होगी।

error: Content can\\\'t be selected!!