पंजाब और चण्डीगढ़ कांग्रेस ने किसानों पर बल प्रयोग की निंदा की, हरियाणा भाजपा कार्यालय पर दिया धरना

पुलिस ने राजा वड़िंग और एचएस लक्की समेत कई कांग्रेस नेता व कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया

आंसू गैस के गोले फैंकने और प्लास्टिक की गोलियां चलवाने वाले भाजपा नेताओं पर मुकद्दमे दर्ज हों: राजा वड़िंग

CHANDIGARH, 16 FEBRUARY: मोदी सरकार की किसान व कृषि नीतियों के खिलाफ लामबन्द होकर किसानों की मांगों के प्रति अपना पूरा सर्मथन व्यक्त करने के लिए आज यहां सेक्टर-3 में पंजाब और चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा संयुक्त रूप से धरना आयोजित किया गया।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता राजीव शर्मा ने बताया कि शान्तिपूर्वक धरने पर बैठे पंजाब प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष राजा अमरिंदर वड़िंग, चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष एच.एस. लक्की, पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्टल, पूर्व मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा, सुख सरकारिया, बलबीर सिद्धू, तृप्त राजिंदर सिंह, भारत भूषण आशु के अलावा पंजाब और चंडीगढ़ कांग्रेस के अन्य नेताओं को पुलिस हिरासत में लेकर सुबह 11 बजे सैक्टर-11 चण्डीगढ़ के पुलिस स्टेशन ले गई। दोपहर 1.30 बजे इन सभी नेताओं को छोड़ दिया गया।

इस अवसर पर राजा वड़िंग ने राजपुरा-अम्बाला मार्ग स्थित शंभू बैरियर पर किसानों पर हरियाणा पुलिस की कार्रवाई की निंदा की, जिसके परिणामस्वरूप एक किसान की मौत हो गई और सौ से अधिक घायल हो गए। हरियाणा पुलिस ने किसानों को नुकसान पहुंचाने के लिए पंजाब में आंसू गैस के गोले छोड़े और प्लास्टिक की गोलियां चलाई। किसानों पर इस प्रकार का बल प्रयोग करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों और भाजपा के नेताओं के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज करने की मांग करते हुए राजा वड़िंग ने कहा कि मोदी सरकार किसानों की अन्य मांगों को पूरा करने के साथ साथ जल्दी ही न्यूनतम समर्थन मूल्य पर कृषि उपज की खरीद के लिए गारंटी देने का कानून बनाए।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने कहा कि मोदी सरकार के किसान विरोधी रवैये के कारण 2021 में साल भर चले आंदोलन के दौरान 700 से अधिक किसान शहीद हो गए थे। अब भाजपा नई नई किसान विरोधी नीतियां लाकर और किसानों, मजदूरों पर तरह तरह के अत्याचार करके उन्हें आर्थिक रूप से बर्बाद करने पर आमादा है, जिसकी निन्दा की जानी चाहिए। लक्की ने कहा कि भारत के लोग मोदी सरकार को कृषि उद्योग और कृषि भूमि कुछ अमीर कॉर्पोरेट संस्थाओं को सौंपने की उनकी साजिश को कभी भी सफल नहीं होने देंगे।

error: Content can\\\'t be selected!!