राहुल गांधी का ऐलानः चरणजीत सिंह चन्नी ही होंगे पंजाब में कांग्रेस का सीएम चेहरा, यूपी के लिए स्टार प्रचारकों में भी सिर्फ चन्नी का नाम

CHANDIGARH: चौतरफा दबाव के बीच आज आखिरकार कांग्रेस ने पंजाब में अपना सीएम चेहरा घोषित कर दिया। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने चरणजीत सिंह चन्नी को कांग्रेस की तरफ से मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया है। यानी अब यह पार्टी ने स्पष्ट कर दिया है कि पंजाब विधानसभा चुनाव में यदि कांग्रेस पुनः सत्ता पर काबिज होने की स्थिति में आई तो चरणजीत सिंह चन्नी ही मुख्यमंत्री होंगे। राहुल गांधी ने चन्नी के नाम की घोषणा आज लुधियाना में की।

वर्चुअल रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी।

बता दें कि कांग्रेस में पंजाब के मुख्यमंत्री पद के लिए मौजूदा पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू भी दावेदार थे। सिद्धू की नजर शुरू से इस पद पर लगी हुई है। माना जाता रहा है कि इसी के चलते सिद्धू के साथ विवाद में पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को न केवल अपनी कुर्सी गंवानी पड़ी थी, बल्कि कैप्टन ने कांग्रेस से भी इस्तीफा दे दिया। कैप्टन के हटने के बाद सिद्धू को उम्मीद थी कि पार्टी उन्हें मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठाएगी लेकिन कांग्रेस ने दलित विधायक चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री बनाकर सबको चौंका दिया था। चन्नी के मुख्यमंत्री बनने के बाद सिद्धू की उनसे भी अनबन की खबरें आती रही हैं। सिद्धू अब लगातार पार्टी पर विधानसभा चुनाव में उन्हें (नवजोत सिंह सिद्धू) मुख्यमंत्री चेहरा घोषित करने का दबाव बनाते रहे लेकिन कांग्रेस नेतृत्व ने पुनः चन्नी पर ही भरोसा जता दिया है। हालांकि कहा जा रहा था कि सिद्धू व चन्नी की कश्मकश में कांग्रेस इस बार ढाई-ढाई साल के मुख्यमंत्री का फार्मूला भी अपना सकती है लेकिन पार्टी ने इसे भी खारिज कर दिया है।

चन्नी को सीएम चेहरा घोषित करने से पहले राहुल गांधी ने वर्चुअल रैली को संबोधित करते हुए चन्नी की सादगी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि चरणजीत सिंह चन्नी गरीब घर से आते हैं। मुख्यमंत्री रहते हुए उनमें कोई घमंड नहीं दिखा। चन्नी गरीबों की आवाज हैं तथा कांग्रेस पंजाब में गरीबों के साथ पार्टनरशिप करना चाहती है। राहुल ने कहा कि चन्नी मुख्यमंत्री बनने नहीं आए, वह गरीबों का भला करने आए हैं। राहुल ने कहा कि मुख्यमंत्री चेहरे का निर्णय मेरा नहीं है, पंजाब का निर्णय है, पार्टी व हर कार्यकर्ता का निर्णय है। पंजाब ने कहा कि हमें गरीब घर का मुख्यमंत्री चाहिए, जो गरीबों को समझे। गरीबों की भावना को समझे। पंजाब को उसकी जरूरत है।

कांग्रेस से सीएम चेहरा घोषित होने से पहले रैली को संबोधित करते हुए चरणजीत सिंह चन्नी।

यूपी के लिए स्टार प्रचारकों में भी सिद्धू नहीं

इधर, उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के चौथे फेज के लिए कांग्रेस की तरफ से आज ही जारी की गई पार्टी के स्टार प्रचारकों की सूची में भी नवजोत सिंह सिद्धू का नाम नहीं है। इस सूची में पंजाब से केवल मुख्यमंत्री चरणजीत सिह चन्नी का नाम शामिल किया गया है। कांग्रेस के 30 स्टार प्रचारकों की लिस्ट में हरियाणा से सिर्फ राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा का नाम शामिल किया गया है।

error: Content can\\\'t be selected!!