रामलीला सिर्फ नाट्य मंचन नहीं, भारतीय संस्कारों, आदर्शों और धर्म की अमूल्य धरोहर है: जतिंदर भाटिया

सेक्टर-48 में श्रीराम सेवक युवा कला मंच के आयोजन में अपने परिवार समेत बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे भाटिया

विशेष अतिथि रहीं पूर्व मेयर स्व. प्रदीप छाबड़ा की धर्मपत्नी रितु छाबड़ा और सुपुत्री निकिता छाबड़ा को भी किया गया सम्मानित

CHANDIGARH, 25 SEPTEMBER (ANewsoffice): श्रीराम लीला सिर्फ एक नाट्य मंचन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कारों, आदर्शों और धर्म की अमूल्य धरोहर है। श्रीराम लीला हर व्यक्ति को सत्य, धर्म और मर्यादा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। यह बात पूर्व पार्षद एवं श्री सनातन धर्म सभा मंदिर सेक्टर-46 के अध्यक्ष जतिंदर भाटिया ने सेक्टर-48 में श्रीराम सेवक युवा कला मंच की ओर से आयोजित किए जा रहे श्रीराम लीला मंचन के दौरान बुधवार को मुख्य अतिथि के तौर पर लोगों को संबोधित करते हुए कही। भाटिया ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन यह सिखाता है कि कठिनाइयां चाहे कितनी भी हों, सत्य और धर्म की जीत निश्चित है।

उन्होंने सभी से आह्वान किया कि वे भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में उतारने और समाज को एकता, प्रेम और सद्भाव का संदेश देने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि आज समाज, खासकर युवा पीढ़ी और बच्चों को भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन से मिलने वाले संदेशों को अपने जीवन में अपनाने की बहुत ही ज्यादा जरूरत है, ताकि एक उज्जवल भविष्य वाले समाज और अपने आदर्श जीवन का निर्माण किया जा सके। इस मौके पर जतिंदर भाटिया की धर्मपत्नी श्रीमती नीलम भाटिया, सुपुत्र ऋषभ भाटिया, पौत्र अयान भाटिया के अलावा चंडीगढ़ के पूर्व मेयर एवं पंजाब लार्ज इंडस्ट्रीज डेवलपमेंट बोर्ड के चेयरमैन रहे स्व. प्रदीप छाबड़ा का धर्मपत्नी रितु छाबड़ा और सुपुत्री निकिता छाबड़ा भी विशेष अतिथि के तौर पर पहुंचीं। रामलीला कमेटी के अध्यक्ष विपन जोत सिंह, प्रधान विकास सोनी, पैटर्न दीपक गर्ग और डायरेक्टर प्रदीप कुमार तथा अन्य पदाधिकारिओं ने सभी अतिथियों का जोरदार स्वागत किया और उन्हें भगवान श्रीराम का पटका पहनाकर तथा प्रतीक चिन्ह देकर जय श्रीराम के जयकारों के बीच सम्मानित किया।

error: Content can\\\'t be selected!!