CPDL के खिलाफ उबाल: AAP कल बिजली कंपनी के दफ्तर पर करेगी प्रदर्शन, कांग्रेस ने भी कसी कमर

कंपनी ने अपनी कार्यप्रणाली नहीं सुधारी तो बड़ा जनांदोलन होगा: लक्की

CHANDIGARH, 31 MARCH (ANewsoffice): चंडीगढ़ में लगातार चरमराती बिजली व्यवस्था और लोगों के लिए सिरदर्द बनी बिलिंग प्रणाली को लेकर राजनीतिक दलों ने फिर चंडीगढ़ पावर डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड (CPDL) के खिलाफ आंदोलन के लिए कमर कस ली है। जहां आम आदमी पार्टी (AAP) ने कल सेक्टर-34 में CPDL के ऑफिस के बाहर जोरदार प्रदर्शन करने का ऐलान कर दिया है, वहीं कांग्रेस ने भी CPDL के विरुद्ध सड़कों पर उतरने की चेतावनी दी है। AAP का प्रदर्शन कल सुबह 11 बजे शुरू होगा। इसके लिए पार्टी ने बड़े स्तर पर तैयारी की है।

इस बीच, चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने कहा है कि यदि CPDL ने अपनी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं किया तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी। चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने आज एक बयान जारी कर कहा कि जब से CPDL ने चंडीगढ़ में बिजली वितरण की जिम्मेदारी संभाली है, तब से आम लोगों की बिजली संबंधी समस्याएं लगातार बढ़ी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी ने जनहित का ध्यान रखे बिना बिजली बिलिंग व्यवस्था को मासिक कर दिया है, जबकि पहले दो महीने में बिल आता था। इससे आम उपभोक्ताओं पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ा है और कंपनी को अग्रिम भुगतान के जरिए सीधा वित्तीय लाभ हो रहा है।
लक्की ने कहा कि पिछले दिनों एक ही महीने में दो बार बिजली बिल भेजे जाने की घटनाएं भी सामने आई हैं, जो कंपनी की अव्यवस्थित और उपभोक्ता-विरोधी कार्यप्रणाली को दर्शाती हैं।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कंपनी अपने कर्मचारियों का शोषण कर रही है। कई कर्मचारियों ने कांग्रेस पार्टी के समक्ष शिकायतें दर्ज करवाई हैं, जिनमें सर्विस रूल्स की अनदेखी और प्रशासन द्वारा तय नियमों के उल्लंघन के गंभीर आरोप शामिल हैं। लक्की ने कहा कि हाल ही में शहर के कई इलाकों में घंटों तक बिजली गुल रही, लेकिन कंपनी की ओर से समय पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

एचएस लक्की ने याद दिलाया कि कांग्रेस पार्टी ने पहले ही बिजली विभाग के निजीकरण का विरोध किया था और नेहरू पार्क के सामने 10 दिनों तक लगातार धरना दिया था। उस समय भी कांग्रेस ने चेताया था कि भाजपा के सहयोग से निजी कंपनी को बैकडोर एंट्री दी जा रही है, जिसका खामियाजा भविष्य में शहर की जनता को भुगतना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि हाल ही में लिया गया फैसला, जिसमें हर वर्ष 2% और पांच वर्षों में कुल 11% बिजली दरों में वृद्धि का प्रावधान है, आम जनता पर महंगाई का अतिरिक्त बोझ डालने वाला है। लक्की ने बताया कि कुछ दिन पहले CPDL के अधिकारियों और प्रवक्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल उनसे उनके निवास पर मिला था। इस दौरान उन्होंने कंपनी के समक्ष उपभोक्ताओं और कर्मचारियों से जुड़ी सभी गंभीर चिंताओं को स्पष्ट रूप से रखा था और कार्यप्रणाली में सुधार की सख्त सलाह दी थी। आज पुनः चेतावनी देते हुए लक्की ने कहा कि यदि कंपनी ने शीघ्र सुधार नहीं किया तो कांग्रेस पार्टी प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग करेगी और बड़े जनआंदोलन के लिए बाध्य होगी।

उन्होंने कहा कि CPDL को केवल मुनाफे की सोच छोड़कर जनकल्याण को प्राथमिकता देनी चाहिए, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिले और कर्मचारियों के साथ भी न्यायपूर्ण व्यवहार सुनिश्चित हो सके।

error: Content can\\\'t be selected!!