ट्रैक्टर परेड बवालः दिल्ली-एनसीआर के कुछ हिस्सों में इंटरनेट सर्विस बंद की गई, कई रास्ते व सभी मेट्रो स्टेशन बंद, देखें ताजा तस्वीरें और VIDEO

NEW DELHI: पुलिस के तमाम बैरीकेड्स को तोड़कर दिल्ली में घुसे किसान अब लाल किले में दाखिल हो गए हैं। यहां किसान लाल किले की प्राचीर से अपने झंडे लहरा रहे हैं। आईटीओ के पास ट्रैक्टर पलटने से एक किसान की मौत हो गई है। ट्रैक्टर की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह पलट गया। ट्रैक्टर पर बैठे किसान इसके नीचे दबकर घायल हो गए, जबकि ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। उसका नाम नवनीत सिंह बताया जा रहा है। वह उत्तर प्रदेश का रहने वाला था। उधर, लालकिले पर भी स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। अब लाल किले की एक गुंबद पर भी किसानों ने अपना झंडा फहरा दिया है। नांगलोई में पुलिस व किसानों के बीच भिड़ंत जारी है। पुलिस ने यहां बेकाबू किसानों पर जमकर लाठीचार्ज किया। हालात को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कई क्षेत्रों में ट्रैफिक का आवागमन बंद कर दिया है। लोगों से वैकल्पिक रास्ते इस्तेमाल करने की अपील की गई है। मेट्रो स्टेशन भी बंद कर दिए गए हैं। दिल्ली में कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए दिल्ली-एनसीआर के कुछ हिस्सों में इंटरनेट सर्विस बंद कर दी गई है।

इससे पहले गणतंत्र दिवस के मौके पर दिल्ली के सिंघू व टीकरी बार्डर पर ट्रैक्टर परेड निकाल रहे किसानों की पुलिस से भिड़ंत हो गई। शुरुआत नोएडा मोड़ पर हुई। आरोप है कि गाजीपुर बॉर्डर से निकले किसानों को पुलिस ने नोएडा मोड़ पर रोक दिया तो कुछ किसानों ने पुलिस पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की। तब पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा तथा आंसू गैस के गोले छोड़े। इसके बाद टीकरी, सिंघू व गाजीपुर बार्डर पर किसानों का बवाव शुरू हो गया। पुलिस के बैरीकेड तोड़ दिए गए। इसके बाद जगह-जगह बवाल हो रहा है। किसान दिल्ली में घुस गए हैं। लालकिले तक पहुंचकर किसान जमकर प्रदर्शन कर रहे हैं। आईटीओ पर प्रदर्शनकारियों ने जमकर पथराव किया। कई किसानों व पुलिस कर्मियों के सिर फूट गए हैं। अनेक स्थानों पर पुलिस कर्मी किसानों को रोकने के लिए सड़कों पर बैठ गए हैं। कई मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए गए हैं। गुस्साए किसान पुलिस कर्मियों पर दौड़ाकर उन्हें हटाने की कोशिश कर रहे हैं।

तीनों बार्डरों पर पुलिस से झड़प हो रही है। पुलिस की गाडिय़़ां भी तोड़ दी गई हैं। गौरतलब है कि किसान तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ पिछले 62 दिन से सिंघू व टीकरी बार्डर पर आंदोलन कर रहे हैं। पुलिस का दावा है कि किसानों ने पांडव नगर में पुलिस पिकेट पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की। पुलिस ने यह दावा भी किया कि निहंगों ने तलवार से पुलिसकर्मियों पर हमले की कोशिश की।

अपडेट

सिंघु, टिकरी और गाजीपुर बॉर्डर पर किसान पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़कर दिल्ली की सीमा में दाखिल हो गए। मुकरबा चौक पर माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। पुलिस ने यहां आंसू गैस के गोले छोड़े हैं। बुराड़ी व नांगलोई में भी पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े हैं। दिल्ली में कई मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए गए हैं। प्रदर्शनकारी किसान आईटीओ तक पहुंच गए हैं। दिल्ली पुलिस मुख्यालय के सामने ही किसानों ने पुलिस के बैरीकेड्ट तोड़ दिए हैं।

अपडेट्स जारी…

error: Content can\\\'t be selected!!