चड्ढा को 224 और वोहरा को 136 वोट मिले
CHANDIGARH, 2 MARCH: व्यापारी नेता संजीव चड्ढा को चंडीगढ़ व्यापार मंडल (CBM) का नया अध्यक्ष चुना गया है। उन्होंने चुनाव में पूर्व अध्यक्ष अनिल वोहरा को 88 वोटों के अंतर से हराया। इससे चड्ढा के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
गौरतलब है कि चंडीगढ़ व्यापार मंडल के अध्यक्ष का चुनाव हर दो साल बाद होता है। वर्ष 2025-26 के लिए आज हुए चुनाव में CBM के 98% सदस्यों ने मतदान कर प्रभावशाली भागीदारी दिखाई। CBM के चेयरमैन सतपाल गुप्ता के नेतृत्व में चुनाव समिति ने सुचारू और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित की। इस समिति में निवर्तमान अध्यक्ष चरणजीव सिंह, पूर्व अध्यक्ष दिवाकर साहूजा, उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम महाजन, सुनील गुप्ता और रजत मल्होत्रा शामिल थे।
CBM के निवर्तमान अध्यक्ष चरणजीव सिंह सबसे अधिक वर्षों तक CBM के अध्यक्ष रहे हैं। उन्होंने अध्यक्ष पद पर अपने सात कार्यकाल पूरे किए। संगठन की संवैधानिक सीमाओं के कारण वे इस बार चुनाव लड़ने के लिए अयोग्य थे। लिहाजा, इस बार अध्यक्ष पद के लिए संजीव चड्ढा व अनिल वोहरा के बीच दिलचस्प मुकाबला हुआ। सेक्टर-21 के सामुदायिक केंद्र में मतदान हुआ, जहां कुल 360 वोट पड़े। इनमें संजीव चड्ढा को 224 व अनिल वोहरा को 136 वोट मिले। संजीव चड्ढा को 88 वोटों के अंतर से अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किए जाने के बाद ढोल-नगाड़ों के साथ विजय जुलूस सेक्टर-21 स्थित निवर्तमान अध्यक्ष चरणजीव सिंह के कार्यालय तक गया, जहां नए अध्यक्ष संजीव चड्ढा का जोरदार स्वागत किया गया।

