सत्यपाल जैन ने प्रशासक से की मुलाकातः मकानों में बदलाव व लालडोरा के बाहर निर्माण नियमित करने के विचार पर आभार जताया

CHANDIGARH: चंडीगढ़ के पूर्व सांसद एवं भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य सत्यपाल जैन ने आज पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक वीपी सिंह बदनौर से भेंट की तथा दिल्ली पैटर्न पर चंडीगढ़ में भी हाउसिंग बोर्ड के मकानों में बदलाव को नियमित करने पर विचार करने व गांवों में लाल डोरा के बाहर बने मकानों को भी रैगुलराइज करने संबंधी दिए गए आदेशों के प्रति उनका आभार व्यक्त किया।

पंजाब राजभवन में हुई इस बैठक में जैन ने प्रशासक से कहा कि चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड के अलाटी तथा गांव में लाल डोरा के बाहर बने घरों के लोग, अपने घरों को लेकर काफी समय से चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार का लक्ष्य 2022 तक भारत के सभी नागरिकों को रहने के लिये घर देने का है। यह दोनों आदेश उस लक्ष्य को प्राप्त करने में सहायक होंगे।

जैन ने प्रशासक से यह भी आग्रह किया कि वह प्रशासन के सभी अधिकारियों को स्पष्ट आदेश जारी करें कि शहर, गांव, कालोनी आदि में किसी भी गरीब व्यक्ति के मकान को तोड़ा न जाए, ताकि गरीब लोग अपने घरों में शांतिपूर्वक ढंग से अपने परिवार का पेट पाल सकें।

यहां उल्लेखनीय है कि जैन ने कुछ दिन पहले प्रशासक को पत्र लिखकर चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड के मकानों को दिल्ली की तर्ज पर नियमित करने की मांग की थी।  जैन ने कहा कि चंडीगढ़ में हजारों लोग अपने घरों में किए गए निर्माणों को नियमित करवाने के लिए लंबे समय से संघर्षरत हैं। चंडीगढ़ के प्रशासक के ताजा आदेशों से इन हजारों लोगों को राहत मिलेगी।

error: Content can\\\'t be selected!!